प्रमुख सचिव ने भाटागांव में पूरक पोषण आहार निर्माण केंद्र का किया औचक निरीक्षण
बलौदाबाजार। महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार ने आज जिला प्रवास के दौरान ग्राम भाटागांव स्थित पूरक पोषण आहार निर्माण केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और वहां कार्यरत स्व-सहायता समूह की महिलाओं से सीधे संवाद किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर कुलदीप शर्मा एवं जिला पंचायत सीईओ सुश्री दिव्या अग्रवाल भी मौजूद रहे।
प्रमुख सचिव शहला निगार ने केंद्र के बेहतर संचालन को लेकर समूह की महिलाओं की सराहना की, साथ ही बच्चों और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उच्च गुणवत्तायुक्त 'रेडी टू ईट' फूड तैयार करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरक पोषण आहार की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने निर्माण प्रक्रिया के दौरान स्वच्छता और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी, ताकि पोषण आहार पूरी तरह सुरक्षित और स्वास्थ्यवर्धक बना रहे।
उल्लेखनीय है कि इस पूरक पोषण आहार निर्माण केंद्र का सुचारू संचालन 'जय मिनी माता स्व-सहायता समूह सोनपुरी' की महिलाओं द्वारा किया जा रहा है। प्रमुख सचिव ने महिलाओं के इस आत्मनिर्भर प्रयास को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें और अधिक दक्षता के साथ काम करने की प्रेरणा दी, जिससे जिले में कुपोषण मुक्ति के अभियान को और मजबूती मिल सके।