स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारी तेज: राजनांदगांव में महापौर और आयुक्त ने संभाली कमान
छग
Rajnandgaon. राजनांदगांव। आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर शहर में साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में नगर निगम ने व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। शहर को स्वच्छता रैंकिंग में उच्च स्थान दिलाने के उद्देश्य से निगम का अमला लगातार सक्रिय है। महापौर मधुसूदन यादव और निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा स्वयं मैदान में उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। निगम प्रशासन द्वारा नियमित सफाई निरीक्षण के तहत शुक्रवार सुबह आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने चिखली, शांतिनगर और शंकरपुर क्षेत्रों का भ्रमण कर नाला सफाई, सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति तथा एसएलआरएम सेंटर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और स्वास्थ्य अमले को साफ-सफाई के प्रति विशेष सतर्कता बरतने और गुणवत्ता में सुधार लाने के निर्देश दिए। आयुक्त ने नालों की सफाई व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि जलभराव और गंदगी की समस्या को जड़ से खत्म करना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सार्वजनिक शौचालयों की स्वच्छता और रखरखाव को लेकर भी सख्त निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। एसएलआरएम सेंटर के निरीक्षण के दौरान कचरा प्रबंधन और अपशिष्ट पृथक्करण की प्रक्रिया की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान निगम का स्वास्थ्य अमला और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि स्वच्छता से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध और प्रभावी तरीके से पूरे किए जाएं।
निगम प्रशासन का मानना है कि स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन के लिए निरंतर निगरानी और जनभागीदारी आवश्यक है। दौरे के दौरान आयुक्त अतुल विश्वकर्मा चिखली स्कूल मैदान भी पहुंचे, जहां उन्होंने खेलते हुए नन्हे खिलाडिय़ों से मुलाकात की। आयुक्त ने बच्चों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और स्वच्छता के महत्व के बारे में भी जागरूक किया। बच्चों के साथ उनकी सहज बातचीत ने माहौल को सकारात्मक बना दिया। नगर निगम द्वारा शहर में स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर चलाए जा रहे इस अभियान को नागरिकों से भी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें और शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने में भागीदार बनें।