गर्भवती महिला के कैल्शियम सिरप में निकला मांस जैसा टुकड़ा

छग

Update: 2025-12-06 13:55 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी में स्वास्थ्य विभाग को कटघरे में खड़ा कर देने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक गर्भवती महिला ने दावा किया है कि उसे सरकारी अस्पताल से दिए गए कैल्शियम सिरप में मांस जैसा ठोस टुकड़ा मिला है। वीडियो सामने आते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है और सोशल मीडिया पर भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला आठ महीने की गर्भवती है और वह रायपुर के देवपुरी सरकारी अस्पताल में नियमित जांच के लिए जाती है। यहीं से उसे कैल्शियम सिरप दिया गया था, जो रूटीन तौर पर सभी गर्भवती महिलाओं को वितरित किया जाता है। महिला के मुताबिक, यह सिरप उसे नवंबर में दिया गया था।

महिला ने बताया कि घटना उस समय हुई जब वह दोपहर के भोजन के बाद रोजाना की तरह सिरप पी रही थी। जैसे ही उसने सिरप मुंह में डाला, उसे अचानक कुछ ठोस पदार्थ महसूस हुआ। घबराकर उसने तुरंत सिरप को बाहर थूका। जब उसने उस सामग्री को हाथ में लिया तो उसे वह मांस का टुकड़ा जैसा लगा। महिला ने यह पूरा घटनाक्रम सोशल मीडिया पर वीडियो के माध्यम से साझा किया है। वीडियो में वह अपने हाथ में उस संदिग्ध टुकड़े को दिखाती है। महिला का दावा है कि यह देखने में ऐसा प्रतीत होता है जैसे “किसी गर्भपात के
भ्रूण का हिस्सा
” सिरप में मौजूद हो। उसके इस बयान ने लोगों में भारी हलचल मचा दी है। महिला ने कहा कि घटना के बाद वह बेहद घबराई हुई है और शारीरिक व मानसिक रूप से अस्वस्थ महसूस कर रही है। वीडियो सामने आते ही स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं में गुस्सा भड़क गया है।

यह मामला सरकारी अस्पतालों में मिलने वाली दवाइयों की सुरक्षा, गुणवत्ता और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। लोगों का आरोप है कि यदि गर्भवती महिलाओं को दी जाने वाली दवाओं में इतनी गंभीर लापरवाही हो सकती है तो यह स्वास्थ्य तंत्र की बड़ी विफलता है। घटना के बाद देवपुरी अस्पताल प्रशासन बैकफुट पर आता दिख रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने मामले की प्रारंभिक जानकारी मिलने पर जांच प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है। दवा के बैच नंबर, वितरण तिथि और सप्लाई चैन की भी जांच की जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह मामला बेहद गंभीर है, क्योंकि यह न सिर्फ महिला बल्कि गर्भस्थ शिशु के लिए भी खतरा पैदा कर सकता था। स्थानीय लोगों ने कड़ी कार्रवाई की मांग की है और दोषियों पर सख्त कदम उठाने की मांग की है। यह मामला अब तेजी से चर्चा का विषय बन चुका है और आगे की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
Tags:    

Similar News