जुआ-सट्टा पर पुलिस का सख्त एक्शन, तीन मामलों में तीन आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-04-10 16:14 GMT
Dhamtari. धमतरी। जिले में जुआ-सट्टा और अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज हो गया है। पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत शहर में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सिटी कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर तीन अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन कार्रवाइयों में कुल 1,13,500 रुपये से अधिक की नगदी और सामग्री जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, शहर में सट्टा और जुए के अवैध कारोबार की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद थाना प्रभारियों को सतत निगरानी और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी के तहत विशेष सट्टा विरोधी अभियान चलाया गया।
पहली कार्रवाई विंध्यवासिनी वार्ड स्थित सामुदायिक भवन के पास की गई, जहां पुलिस ने एक महिला को सट्टा पट्टी लिखते हुए रंगे हाथ पकड़ा। आरोपी के पास से सट्टा पर्ची, डॉट पेन, एक मोबाइल फोन और नगदी 1,050 रुपये बरामद किए गए। कुल जब्ती लगभग 5,050 रुपये की बताई गई है। गिरफ्तार महिला की पहचान सुल्ताना बेगम (53 वर्ष), निवासी रामबाग धमतरी के रूप में हुई है। दूसरी कार्रवाई रामबाग सब्जी मार्केट क्षेत्र में की गई, जहां एक व्यक्ति को सट्टा पट्टी के माध्यम से अवैध जुआ संचालन करते हुए गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास से सट्टा पर्ची, डॉट पेन, मोबाइल फोन और 2,250 रुपये नगदी जब्त की गई। कुल जब्ती 7,250 रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अकबर अली (38 वर्ष), निवासी रामपुर वार्ड धमतरी के रूप में हुई है।
तीसरी और सबसे बड़ी कार्रवाई आमातालाब रोड स्थित इनडोर स्टेडियम के पास की गई, जहां पुलिस ने एक युवक को मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा खेलाते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से एक आईफोन मोबाइल फोन (कीमत लगभग 1 लाख रुपये) और 1,200 रुपये नगदी बरामद की गई। कुल जब्ती 1,01,200 रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आयुष वाघवानी (22 वर्ष), निवासी सुंदरगंज वार्ड धमतरी के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों मामलों में अलग-अलग अपराध दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इन सभी पर छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी प्रकार के जुआ, सट्टा या ऑनलाइन अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने कहा है कि लगातार निगरानी रखी जा रही है और सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने यह भी बताया कि शहर के विभिन्न इलाकों में ऐसे नेटवर्क की पहचान की जा रही है, जो मोबाइल ऐप और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए सट्टा संचालन कर रहे हैं। इन पर भी आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों में भी चर्चा है कि शहर में लंबे समय से चल रहे सट्टा कारोबार पर अब सख्त लगाम लग रही है। प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। धमतरी पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में ऐसे अभियान और तेज किए जाएंगे और जिले को पूरी तरह अवैध सट्टा-जुआ मुक्त बनाने का प्रयास जारी रहेगा।
Tags:    

Similar News