Surguja सरगुजा। सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र में हुई 2 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस डॉग की अहम भूमिका रही। डॉग कोका की निशानदेही पर पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की पूरी रकम बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार, प्रार्थी सुरेश महाजन निवासी मोतीपुर भाठापारा, थाना दरिमा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह 4 सितंबर 2026 को किसी काम से गुमला (झारखंड) गए थे। अगले दिन वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि उनकी कपड़े की दुकान में रखा डीवीआर और करीब 2 लाख रुपये की नकदी गायब थी। शिकायत मिलने के बाद दरिमा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने अपराध क्रमांक 205/26 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
डॉग कोका ने पहुंचाया आरोपियों तक
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने पुलिस टीम को जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी, उप पुलिस अधीक्षक राकेश बघेल और थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक निशांत गौरव कुर्रे के नेतृत्व में जांच शुरू की गई। घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। इस दौरान पुलिस डॉग कोका को मौके पर ले जाया गया। डॉग हैंडलर ने घटनास्थल पर मिले कपड़े की पहचान कराई। पुलिस के अनुसार, डॉग कोका ने अपनी सूंघने की क्षमता का प्रदर्शन करते हुए सीधे संदिग्धों के घर तक पहुंच गया। इसके बाद पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
दो पूर्व कर्मचारियों ने रची थी साजिश
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिद्धार्थ निषाद उर्फ रानू (25 वर्ष) और कबीर दास उर्फ विक्की (21 वर्ष) दोनों निवासी मोतीपुर के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी पहले प्रार्थी की कपड़े की दुकान में काम कर चुके थे। दोनों ने दुकान की जानकारी का फायदा उठाकर चोरी की योजना बनाई थी। आरोपियों ने दुकान में लगे डीवीआर को भी तोड़ दिया था और साक्ष्य मिटाने के लिए उसे नदी में फेंक दिया था।
2 लाख 8 हजार 580 रुपये बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई कुल 2 लाख 8 हजार 580 रुपये की नकदी बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी सिद्धार्थ निषाद पहले भी चोरी के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। पुलिस ने बताया कि आरोपी आदतन अपराधी प्रवृत्ति के हैं।
डॉग कोका और टीम को मिलेगा इनाम
मामले के खुलासे में अहम भूमिका निभाने वाले पुलिस डॉग कोका, डॉग हैंडलर आरक्षक कुलेश्वर साहू और नीरज वर्मा की सराहना की गई है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा ने पुलिस टीम और डॉग स्क्वाड को प्रोत्साहित करने के लिए इनाम देने की घोषणा की है।
Tags: