Raigarh रायगढ़। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत पुसौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम छपोरा में अवैध रूप से छिपाकर रखी गई 20 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। जानकारी के अनुसार, एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत 8 सितंबर 2026 की सुबह पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम छपोरा के मिरघा पारा स्थित बांसबाड़ी के पास एक व्यक्ति अवैध कच्ची महुआ शराब रखे हुए है और उसे बेचने की तैयारी में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस टीम ने ग्राम छपोरा पहुंचकर बताए गए स्थान पर घेराबंदी की और मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सरोज मिरधा पिता नंदू मिरधा (31 वर्ष), निवासी लोहाखान, थाना पुसौर, जिला रायगढ़ बताया। पुलिस ने जब आरोपी के पास रखे सामान की तलाशी ली तो दो सफेद रंग की प्लास्टिक जरिकेन बरामद हुईं। दोनों जरिकेन में 10-10 लीटर कच्ची महुआ शराब भरी हुई थी। पुलिस ने कुल 20 लीटर महुआ शराब को जब्त कर लिया।
पुसौर पुलिस ने आरोपी सरोज मिरधा के खिलाफ थाना में धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध कारोबार करने वालों में हड़कंप की स्थिति है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस के नेतृत्व में उप निरीक्षक कुंदन गौर, प्रधान आरक्षक बसंत पाण्डेय सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Tags: