रॉक गार्डन में युवती से गैंगरेप और लूटपाट, 24 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार
छग
Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध रॉक गार्डन बोतल्दा में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म और लूटपाट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले युवती के मित्र को डंडे से हमला कर बेहोश कर दिया और फिर युवती को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने घटना का वीडियो भी बनाया और किसी को जानकारी देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। मामले में खरसिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त डंडा, वीडियो बनाने वाला आईफोन और लूट की रकम भी बरामद की है।
रेलवे स्टेशन जाने निकले थे युवक-युवती
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने अपनी लिखित शिकायत में बताया कि 14 नवंबर 2026 को वह अपने गांव से एक मित्र के साथ मोटरसाइकिल से सक्ती रेलवे स्टेशन जाने के लिए निकली थी। ट्रेन लेट होने के कारण दोनों ने घूमने का फैसला किया और दोपहर के समय खरसिया के बोतल्दा स्थित रॉक गार्डन पहुंच गए। दोनों गार्डन में घूमते हुए सीढ़ियां चढ़ रहे थे। इसी दौरान पीछे से दो युवक वहां पहुंचे और उन्हें डराने-धमकाने लगे। आरोपियों ने युवती के मोबाइल में रखे 1,200 रुपये और उसके मित्र के पास मौजूद 10 हजार रुपये लूट लिए।
डंडे से हमला कर युवक को किया बेहोश
लूटपाट के बाद आरोपियों ने युवती के मित्र के सिर और शरीर पर डंडे से कई वार किए, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने युवती को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। कुछ समय बाद जब युवती के मित्र को होश आया तो आरोपियों ने दोनों का वीडियो बनाया। साथ ही घटना के बारे में किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इस घटना के बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
24 घंटे में पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव और थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव को आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद खरसिया पुलिस की टीम ने बोतल्दा क्षेत्र में स्थानीय लोगों से पूछताछ की और संदिग्ध युवकों की तलाश शुरू की। संदेहियों के फोटो पीड़िता को दिखाकर उनकी पहचान सुनिश्चित की गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर वारदात का पुनर्निर्माण भी कराया।
आईफोन, डंडा और लूट की रकम बरामद
पूछताछ और आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए। आरोपी फनेश्वर प्रसाद पटेल के पास से घटना का वीडियो बनाने में इस्तेमाल किया गया आईफोन और लूट की रकम में से 1,500 रुपये बरामद किए गए। वहीं आरोपी राहुल पटेल के कब्जे से 3,000 रुपये और वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा जब्त किया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच के दौरान अन्य युवतियों के फोटो और वीडियो भी मिले हैं। पुलिस इन फोटो और वीडियो के संबंध में अलग-अलग पहलुओं पर जांच कर रही है।
दोनों आरोपी बोतल्दा के रहने वाले
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल पटेल (21 वर्ष), पिता खुलेश्वर पटेल और फनेश्वर प्रसाद पटेल (20 वर्ष), पिता कुसुम प्रसाद पटेल, दोनों निवासी बोतल्दा थाना खरसिया के रूप में हुई है। राहुल पटेल शारडा कंपनी डभरा में और फनेश्वर प्रसाद पटेल SKY कंपनी चपले में मजदूरी का काम करता है। खरसिया पुलिस ने अपराध क्रमांक 597/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 309(6) और 70 के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया है।
एसएसपी बोले- महिलाओं के खिलाफ अपराध बर्दाश्त नहीं
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं एवं युवतियों के विरुद्ध होने वाले अपराधों को रायगढ़ पुलिस गंभीरता से लेती है। ऐसे मामलों में शामिल आरोपियों के खिलाफ त्वरित और कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस मामले का खुलासा करने में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और एसडीओपी सतीश भार्गव के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी सीताराम ध्रुव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक मुकेश कुमार सिन्हा, प्रधान आरक्षक रामनाथ बनर्जी, आरक्षक विशोप सिंह, सत्या सिदार, योगेश साहू, सूरज साहू, अनूप मिंज सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।