अवैध शराब कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 70 पाव शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-02-03 13:40 GMT
Raigarh. रायगढ़। जिले में अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत जूटमिल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देशी एवं अंग्रेजी शराब से लोड एक पिकअप वाहन को जब्त किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई को अवैध शराब कारोबार पर करारा प्रहार माना जा रहा है। घटना 3 फरवरी की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पुसौर–कोडातराई मार्ग से होकर अवैध शराब की बड़ी खेप पिकअप वाहन में परिवहन की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।

वाहन को रोकने पर चालक से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना नाम सजीत पटेल, पिता बृजलाल पटेल, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम हरदी यार्ड रोडपारा, थाना चन्द्रपुर, जिला सक्ती बताया। पुलिस द्वारा वाहन की विधिवत तलाशी लेने पर पिकअप के अंदर भारी मात्रा में शराब बरामद की गई। तलाशी के दौरान 30 पाव प्लेन देशी मदिरा तथा गोल्डन गोवा सुपीरियर व्हिस्की के 40 पाव पाए गए। जब आरोपी से शराब परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेजों की मांग की गई तो वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में शराब एवं वाहन को जप्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से (01) प्लेन देशी मदिरा 30 पाव, (02) गोल्डन गोवा सुपीरियर व्हिस्की 40 पाव एवं (03) शराब परिवहन में प्रयुक्त सफेद रंग का पिकअप वाहन क्रमांक CG-06-GP-7520 जप्त किया है।

जप्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत ₹3,07,200/- बताई गई है। आरोपी के विरुद्ध थाना जूटमिल में आबकारी एक्ट की धारा 34-2, 59-क के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। इसके साथ ही आरोपी के आपराधिक कृत्य को गंभीर मानते हुए पुलिस द्वारा धारा 170 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के अंतर्गत पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जूटमिल प्रशांत राव, प्रधान आरक्षक खीरेन्द्र जलतारे, आरक्षक धनेश्वर उरांव एवं शशिभूषण साहू की सराहनीय भूमिका रही। टीम की तत्परता और सूझबूझ से अवैध शराब की खेप बाजार में खपने से पहले ही पकड़ी जा सकी।

इस संबंध में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जिले में अवैध मादक पदार्थों और शराब कारोबार के विरुद्ध पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि अवैध कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने और अवैध शराब के परिवहन, भंडारण एवं बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। रायगढ़ पुलिस की यह कार्रवाई न केवल अवैध शराब कारोबारियों के लिए कड़ा संदेश है, बल्कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक अहम कदम भी माना जा रहा है।
Tags:    

Similar News