Raigarh. रायगढ़। शहर में सिलसिलेवार बाइक चोरी की घटनाओं के बीच कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिसकर्मियों ने संदिग्ध युवक का पीछा कर उसे दौड़ाकर पकड़ा। आरोपी की निशानदेही पर एक स्कूटी समेत चोरी के पांच दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं, जिनकी कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तारी के बाद कोतवाली थाने में दर्ज बाइक चोरी के पांच मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, शहर में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में संदिग्ध की तलाश की जा रही थी। सीएसपी राहुल उईके और थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अलग-अलग घटनास्थलों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच के दौरान पांच स्थानों पर हुई वाहन चोरी की घटनाओं में एक ही संदिग्ध युवक नजर आया। इसी बीच 24 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि गौशाला के पास एक संदिग्ध युवक बाइक चोरी के इरादे से घूम रहा है।
सूचना पर कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों को मोबाइल में संदिग्ध युवक की तस्वीर दिखाई। लोगों ने उसे बाइक से छेड़छाड़ कर भागने वाले युवक के रूप में पहचान लिया। इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध की तलाश शुरू की। वायरलेस सेट के पास पुलिस कॉलोनी क्षेत्र में युवक दिखाई दिया तो पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया और दौड़ाकर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम निर्मल धाकड़ पिता उदल सिंह धाकड़, उम्र 28 वर्ष, निवासी सिंकपुर रोड निबुआपारा, मोरारगिर्द, थाना मोरार, जिला ग्वालियर मध्यप्रदेश बताया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 12 सितंबर को ग्वालियर से रायगढ़ अपनी महिला मित्र से मिलने आया था। यहां आने के बाद उसके पास पैसे खत्म हो गए। इसके बाद वह खर्च चलाने के लिए बाइक चोरी करने लगा। आरोपी ऐसे दोपहिया वाहनों को निशाना बनाता था, जिनमें चाबी लगी होती थी। वाहन चोरी करने के बाद वह उससे घूमता था और पेट्रोल खत्म होने पर वाहन को वहीं छोड़कर फरार हो जाता था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पांच दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।
बरामद वाहनों में 19 सितंबर को नीलांचल भवन बीडपारा से चोरी हुई एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG 13R 5730, 20 सितंबर को मधुबनपारा से चोरी हुई होंडा मोटरसाइकिल CG 13Z 2551 और 21 सितंबर को लक्ष्मीपुर शिशु मंदिर के सामने से चोरी हुई होंडा एचपी साइन CG 13AR 0699 शामिल है। इसके अलावा 21 सितंबर को ज्ञान मंदिर, लाल टंकी चौक मजार के सामने से चोरी हुई होंडा साइन CG 08NC 2684 और इसी दिन जिला अस्पताल रायगढ़ से चोरी हुई पल्सर मोटरसाइकिल CG 13BK 8437 भी बरामद की गई है। आरोपी की गिरफ्तारी से कोतवाली थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 527/2026, 532/2026, 535/2026, 538/2026 और 540/2026 में दर्ज पांच वाहन चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने नागरिकों से अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करने और वाहन में चाबी छोड़ने जैसी लापरवाही नहीं करने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने को कहा है।