Dhamtari. धमतरी। रुद्री थाना क्षेत्र में धारदार हथियार दिखाकर रास्ता रोकने और जान से मारने की धमकी देकर नकदी व मोबाइल लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। 7 सितंबर 2026 को मानव वन के आगे तालाब मोड़ के पास हुई वारदात में पुलिस ने चार लोगों की संलिप्तता सामने आने की जानकारी दी है। इनमें दो बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को नियमानुसार संरक्षण में लेकर आगे की वैधानिक प्रक्रिया की गई है। पुलिस के अनुसार, ग्राम
खिरकीटोला निवासी
27 वर्षीय ढालसिंग नेताम ने रुद्री थाने में लूट की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 7 सितंबर की शाम करीब 6:45 बजे वह मानव वन के आगे तालाब मोड़ के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया।
हथियार दिखाकर दी जान से मारने की धमकी
आरोप है कि बदमाशों ने धारदार हथियार दिखाकर ढालसिंग को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसकी जेब में रखे 6 हजार रुपये नकद और VIVO कंपनी का मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए। लूटे गए नकदी और मोबाइल की कुल कीमत करीब 16 हजार रुपये बताई गई है। पीड़ित की शिकायत पर रुद्री पुलिस ने बीएनएस की धारा 309(6) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीम ने घटनास्थल और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच करने के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
संदिग्धों से पूछताछ में मिला सुराग
पुलिस ने जांच के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों की वारदात में संलिप्तता सामने आई। इसके बाद कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष शिनाख्त की प्रक्रिया भी कराई गई। पुलिस ने मामले में निशांत उर्फ दीपू ध्रुव (23), निवासी दानीटोला साहुपारा और भरत यादव (22), निवासी दानीटोला महिमासागर वार्ड को गिरफ्तार किया है। दोनों के साथ दो विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आने की जानकारी दी गई है।
कैश मोबाइल और चाकू बरामद
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी और VIVO मोबाइल फोन बरामद किया गया है। वारदात में इस्तेमाल चाकू के साथ मोटरसाइकिल और स्कूटी भी जब्त की गई है। जांच में हथियार के इस्तेमाल और अन्य साक्ष्य सामने आने के बाद प्रकरण में बीएनएस की धारा 310(2), 311 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 भी जोड़ी गई हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं दोनों विधि से संघर्षरत बालकों के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के तहत आवश्यक प्रक्रिया अपनाई गई है। धमतरी पुलिस का कहना है कि जिले में लूट, हथियारबाजी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। साथ ही नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाने को देने की अपील की गई है।
Tags: