Khairagarh. खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में अवैध जुआ खेलने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। छुईखदान थाना पुलिस ने अलग-अलग गांवों में जुआ खेल रहे 28 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सात अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जुआरियों के कब्जे से कुल 12 हजार 410 रुपये नकद, ताश की पत्तियां और अन्य सामग्री जब्त की है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को जमानत मुचलके पर रिहा किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 9 नवंबर 2026 को मुखबिर से विभिन्न गांवों में अवैध रूप से जुआ खेले जाने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर छुईखदान पुलिस की टीम ने संबंधित स्थानों पर घेराबंदी कर छापेमारी की। इस दौरान 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर काट पत्ती नामक जुआ खेलते हुए 28 लोगों को पकड़ा गया।

ग्राम कोटरा में चार जुआरी पकड़े गए
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम कोटरा में नया तालाब के पास कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और चार आरोपियों को पकड़ा। इनमें महेंद्र जंघेल (37), संतोष जंघेल (46), प्रकाश जंघेल (58) और दिनेश जंघेल (36) शामिल हैं। सभी ग्राम कोटरा के निवासी हैं। पुलिस ने फड़ और आरोपियों के पास से 1100 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और प्लास्टिक बोरी जब्त की। मामले में अपराध क्रमांक 430/2026 दर्ज किया गया।

उदयपुर में पांच आरोपियों पर कार्रवाई
ग्राम उदयपुर के उदयपुर खार में भी पुलिस ने जुआ फड़ पर दबिश दी। यहां से लेखराम जंघेल (37), शिव प्रसाद लोधी (35), दिनेश निषाद (32), विनोद धुर्वे (28) और कार्तिक सेन (20) को पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से 4250 रुपये नकद, ताश की पत्तियां, प्लास्टिक बोरी और अधजली मोमबत्ती जब्त की गई। इस मामले में अपराध क्रमांक 431/2026 दर्ज किया गया है।

पदमावतीपुर में दो जगह छापेमारी
ग्राम पदमावतीपुर में गौठान के पास पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई की। पहली कार्रवाई में चुनुराम वर्मा (28), पूकन पटेल (20), खिलावन देवांगन (27) और नीलकंठ रजक (35) को पकड़ा गया। इनके पास से 750 रुपये नकद और जुआ सामग्री जब्त की गई। इस मामले में अपराध क्रमांक 432/2026 दर्ज किया गया। दूसरी कार्रवाई में इसी गांव के दिनेश जंघेल (35) और सुंदर पटेल (28) को पकड़ा गया। इनके कब्जे से 1010 रुपये नकद, ताश की पत्तियां और अन्य सामग्री जब्त हुई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 433/2026 दर्ज किया है।

विचारपुर में पांच जुआरी गिरफ्तार
ग्राम विचारपुर में बांध के पास जुआ खेलने की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की। यहां होरी लाल वर्मा (26), नंदूराम जंघेल (40), योगेंद्र वर्मा (23), मिथुन वर्मा (30) और खम्हन सोनी (48) को पकड़ा गया। इनके पास से 1400 रुपये नकद, ताश की पत्तियां, प्लास्टिक बोरी और अधजली मोमबत्ती जब्त की गई। मामले में अपराध क्रमांक 435/2026 दर्ज किया गया।

तेंदूभाठा में आठ लोगों पर कार्रवाई
ग्राम तेंदूभाठा में नीलू नेताम के घर के सामने पुलिस ने दो अलग-अलग प्रकरणों में आठ लोगों को पकड़ा। पहली कार्रवाई में मानसिंग वर्मा (40), जनीराम राउत (50) और तोमेश्वर वर्मा (20) के कब्जे से 1400 रुपये नकद और जुआ सामग्री जब्त की गई। दूसरी कार्रवाई में द्वारिका साहू (40), भागीरथी साहू (44), महेश सिंह क्षत्रिय (45), कमलेश साहू (24) और छन्नू राम साहू (36) को पकड़ा गया। इनके कब्जे से 2500 रुपये नकद और ताश की पत्तियां जब्त की गईं। दोनों मामलों में अपराध क्रमांक 436/2026 और 437/2026 दर्ज किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, सभी सात प्रकरणों में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। कार्रवाई के दौरान कुल 28 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया, जिन्हें बाद में जमानत मुचलके पर रिहा किया गया। छुईखदान थाना क्षेत्र में अवैध जुआ खेलने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।
Tags: