कांकेर। कांकेर विकासखण्ड के ग्राम तेलावट निवासी छगनलाल चिराम को अब चलने-फिरने में परेशानी नहीं होगी, उनकी मांग पर जिला प्रशासन द्वारा उनके लिए सहायक उपकरण की व्यवस्था की है। यह उपकरण संसदीय सचिव शिशुपाल शोरी ने प्रदान किया। सोमवार को आयोजित ई-जनचौपाल में कांकेर विकासखण्ड के ग्राम तेलावट निवासी छगनलाल ने उपस्थित होकर कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला के समक्ष अपने निःशक्त होने की जानकारी देते हुए कहा कि उन्हें बैसाखी प्रदान किया जाए। कलेक्टर के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग के उप संचालक द्वारा तत्काल बैसाखी की व्यवस्था की, जिसे आवेदक को संसदीय सचिव शिशुपाल शोरी के हाथों प्रदान किया गया। साथ ही दिव्यांगता प्रमाण-पत्र एवं यूडीआईडी कार्ड भी दिये गए। बैसाखी एवं दिव्यांगता प्रमाण-पत्र मिलने पर छगनलाल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए संसदीय सचिव शिशुपाल शोरी एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। पखांजूर तहसील के ग्राम घोड़ागांव निवासी मिनकाय नुरेटी ने कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला के समक्ष ई-जनचौपाल में उपस्थित होकर बताया कि उनकी पति का देहांत सड़क दुर्घटना में हुई है। अतः उन्हें नियमानुसार सहायता राशि की स्वीकृति प्रदान किया जाए। कलेक्टर ने उनके प्रकरण का अवलोकन कर नियुमानुसार 25 हजार रुपए की सहायता राशि स्वीकृत कर आवेदक को भुगतान करने के लिए एसडीएम पखांजूर को निर्देशित किया है।