ऑनलाइन IPL सट्टा रैकेट का भंडाफोड़, एक आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-04-14 18:46 GMT
Korba. कोरबा। कोरबा पुलिस ने ऑनलाइन आईपीएल सट्टेबाजी रैकेट का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई। पुलिस को 13 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ युवक मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन आईपीएल मैचों पर सट्टा खेल और खिलवा रहे हैं। सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।

टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी, जहां आरोपी जशवीर राना को ऑनलाइन सट्टा खेलते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। वहीं उसका साथी निखिल राजपूत पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गया। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपी ‘KHELO BAAZI BOOK’ नामक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और आईडी का उपयोग कर आईपीएल मैचों पर सट्टा संचालित कर रहे थे। इस आईडी में बड़े पैमाने पर लेनदेन होने की जानकारी सामने आई है और इसमें लगभग 72,020 रुपये का बैलेंस भी पाया गया है। पुलिस ने मौके से मोबाइल फोन, डिजिटल डेटा और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान जशवीर राना (33 वर्ष) के रूप में हुई है। उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। वहीं फरार आरोपी निखिल राजपूत की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। इस मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 335/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6-क और 7-1 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि ऑनलाइन सट्टा और साइबर अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा ऐसे नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Tags:    

Similar News