सौरभ चंद्राकर कोर्ट में पेश, अब ED की कस्टडी में जाएगा महादेव एप का प्रमोटर?
रायपुर: महादेव सट्टा एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ईडी की प्रोडक्शन वारंट पर कोर्ट में पेश किया गया। सीबीआई कोर्ट से आवेदन खारिज होने के बाद ईडी ने PMLA स्पेशल कोर्ट में आवेदन किया था। कयास लगाए जा रहे हैं कि पूछताछ के लिए ईडी कस्टोडियल रिमांड की मांग करेगी।
8 दिन की पूछताछ में इन पहलुओं पर जांच
इससे पहले CBI ने सौरभ से महादेव ऐप के नेटवर्क, पैनल ऑपरेटरों, हवाला के जरिए हुए लेनदेन और कथित प्रोटेक्शन मनी को लेकर पूछताछ की। जांच एजेंसी को यह पता लगाना है कि सट्टे से जुटाई गई रकम किन लोगों तक पहुंची और इस पूरे नेटवर्क में किन अधिकारियों और अन्य लोगों की भूमिका थी। CBI ने कोर्ट में रिमांड के दौरान इन पहलुओं पर पूछताछ की जरूरत बताई थी।
2022 में दर्ज हुई थी पहली FIR
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में 30 मार्च 2022 को दुर्ग के मोहन नगर थाने में पहली FIR दर्ज हुई थी। इसके बाद ED ने 6 अक्टूबर 2022 को मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच शुरू की। मामले में सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल को मुख्य आरोपियों के तौर पर चिन्हित किया गया। CBI ने 18 दिसंबर 2024 को इस मामले में केस दर्ज किया था। जांच में ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क, पैनल ऑपरेटरों, बैंक खातों और हवाला के जरिए रकम के लेनदेन की पड़ताल की जा रही है।
महादेव सट्टा ऐप की CBI कर रही जांच
बता दें कि महादेव सट्टा ऐप से जुड़े मामलों की जांच CBI कर रही है। छत्तीसगढ़ सरकार ने इस मामले से जुड़ी 13 FIR जांच के लिए CBI को सौंपी थीं। इनमें से 2 मामलों में चार्जशीट दाखिल हो चुकी है। इसके अलावा ED भी मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच कर रही है और सौरभ के खिलाफ अभियोजन शिकायत दाखिल कर चुकी है।