पुलिस स्मृति दिवस पर नारायणपुर में अमर शहीदों को दी श्रद्धांजलि, शहीद परिवारों का किया सम्मान
छग
Narayanpur. नारायणपुर। कर्तव्य निर्वहन के दौरान राष्ट्र एवं समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस जवानों की स्मृति में बुधवार को नारायणपुर जिले में पुलिस स्मृति दिवस-2026 श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर रक्षित केन्द्र, नारायणपुर स्थित शहीद स्मारक प्रांगण में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अमर शहीदों के शौर्य, साहस, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही शहीद परिवारों को सम्मानित कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने कर्तव्य पालन करते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों के नामों का वाचन किया। इसके पश्चात सलामी दल ने शहीद जवानों को सलामी अर्पित कर शोक संवेदना व्यक्त की। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों, पुलिस एवं केंद्रीय सशस्त्र बलों के जवानों, शहीद परिवारों और मीडिया प्रतिनिधियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
शहीद परिवारों से मिलकर जानी समस्याएं
श्रद्धांजलि कार्यक्रम एवं परेड के उपरांत कलेक्टर नम्रता जैन और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने शहीद परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार के सदस्यों का कुशलक्षेम जाना तथा उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और कठिनाइयों के संबंध में जानकारी ली। अधिकारियों ने परिवारों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान शहीद परिवारों को सम्मानित कर उनके त्याग, धैर्य और राष्ट्र के प्रति योगदान के लिए सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि देश की सुरक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले जवानों का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा और उनके परिवारों का सम्मान एवं सहयोग समाज तथा प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
वीर जवानों का बलिदान सदैव रहेगा स्मरणीय
पुलिस स्मृति दिवस प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को उन पुलिसकर्मियों की स्मृति में मनाया जाता है, जिन्होंने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए देश और समाज की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। यह दिवस पुलिस बल के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को याद करने के साथ-साथ नागरिकों में सुरक्षा बलों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना मजबूत करता है। नारायणपुर में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से अमर शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ शहीद परिवारों के प्रति पुलिस विभाग की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता भी प्रदर्शित की गई।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल, वरिष्ठजन बृजमोहन देवांगन, एथलेटिक्स संघ अध्यक्ष गौतम गोलछा, 45वीं वाहिनी आईटीबीपी के कमांडेंट राजीव गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य चंद्राकर, एसडीओपी नारायणपुर अजय सिंह, एसडीओपी छोटे डोंगर मनोज मंडावी, उप पुलिस अधीक्षक आशीष नेताम, रक्षित निरीक्षक सोनू वर्मा, रक्षित निरीक्षक मो. मोहसिन खान, सूबेदार विक्रम सिंह सहित बीएसएफ एवं आईटीबीपी के अधिकारी-कर्मचारी, अन्य जनप्रतिनिधि, पुलिस जवान, शहीद परिवारों के सदस्य तथा मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।