मंदिर हसौद में युवक की हत्या का खुलासा, निर्दलीय पार्षद सहित 4 हिरासत में
छग
Raipur. रायपुर। रायपुर से लगे मंदिर हसौद क्षेत्र में 22 मई से लापता युवक भुवनेश्वर यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पानी को लेकर हुए विवाद और गाली-गलौज के बाद युवक की हत्या कर उसके शव को महानदी किनारे रेत में दफना दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने निर्दलीय पार्षद नोहर दास उर्फ गोलू रात्रे समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है।
मृतक भुवनेश्वर यादव नकटी गांव का निवासी था और वह मोनेट कंपनी में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। वह 22 मई से लापता था, जिसके बाद परिजनों ने मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस जांच के अनुसार घटना के दिन मंदिर हसौद शराब भट्ठी के पीछे कुछ लोग एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान पानी को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे गाली-गलौज में बदल गया। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान भुवनेश्वर यादव और पार्षद गोलू रात्रे के बीच तीखी बहस हुई।
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने भुवनेश्वर यादव को कार में बैठाकर महासमुंद जिले के महानदी किनारे ले जाया। वहां उसके साथ मारपीट की गई, जिसमें उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को रेत में दफनाकर सबूत मिटाने की कोशिश की गई। पुलिस को जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य और मोबाइल लोकेशन के आधार पर महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद पता चला कि मृतक आखिरी बार गोलू रात्रे और उसके साथियों के साथ शराब पीने गया था। इसके बाद से वह लापता हो गया।
जांच में यह भी सामने आया कि घटना की शाम भुवनेश्वर यादव ने अपनी पत्नी से फोन पर बात की थी और इस दौरान पार्षद से भी पत्नी की बातचीत कराई गई थी। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और वह गायब हो गया। पुलिस ने पूछताछ के दौरान आरोपियों के बयान के आधार पर महानदी के नांदगांव घाट क्षेत्र से शव को बरामद किया। चूंकि घटना स्थल महासमुंद जिले का है, इसलिए मामले की आगे की जांच वहां की पुलिस को सौंप दी गई है।
महासमुंद जिला पुलिस अब इस पूरे मामले की अलग से जांच कर रही है और सभी आरोपियों की भूमिका का विस्तार से विश्लेषण किया जा रहा है। थाना प्रभारी के अनुसार, तकनीकी जांच और पूछताछ के बाद हत्या की पुष्टि हुई है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं- विवाद, साजिश और सबूत मिटाने की कोशिश की गहन जांच की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।