Raipur. रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर के जोन-9 अंतर्गत नगर निवेश विभाग द्वारा शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाने की बड़ी कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश और जोन-9 कमिश्नर राकेश शर्मा के मार्गदर्शन में की गई। जानकारी के अनुसार, जोन-9 अंतर्गत लालबहादुर शास्त्री वार्ड क्रमांक 51 में वीआईपी रोड फुण्डहर स्थित निरंजन धर्मशाला द्वारा शासकीय नाले की लगभग 0.1100 हेक्टेयर भूमि पर अवैध कब्जा किया गया था। इस कब्जे को हटाने के लिए नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और भूमि को कब्जा मुक्त कराया।
कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता शरद धुव, सहायक अभियंता सैय्यद जोहेब सहित जोन-9 नगर निवेश विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। टीम ने मौके पर पहुंचकर माप-जोख और दस्तावेजों की जांच के बाद अतिक्रमण को चिन्हित किया और नियमानुसार उसे हटाने की प्रक्रिया पूरी की। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शासकीय नाले की भूमि पर किए गए इस प्रकार के अतिक्रमण से जल निकासी व्यवस्था प्रभावित हो सकती थी। इसे ध्यान में रखते हुए त्वरित कार्रवाई की गई ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या बाधा उत्पन्न न हो।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में शासकीय भूमि, नाले-नालियों और सार्वजनिक उपयोग की जमीनों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और जहां भी अतिक्रमण पाया जाएगा, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का निर्माण या कब्जा न करें और नियमों का पालन करें, ताकि शहर की स्वच्छता और जल निकासी व्यवस्था सुचारू बनी रहे।