Bilaspur. बिलासपुर। शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर अपर आयुक्त खजांची कुम्हार ने गुरुवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों और जोन का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान सफाई कार्य में लापरवाही, निर्धारित संख्या से कम श्रमिकों की मौजूदगी और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी मिलने पर संबंधितों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की गई।
निरीक्षण के दौरान जोन क्रमांक 08 में निर्धारित संख्या से कम सफाई श्रमिक मौके पर पाए गए। इस पर निगम प्रशासन ने संबंधित ठेकेदार संदीप राय पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सफाई कार्य में लगाए गए श्रमिकों की निर्धारित संख्या के अनुसार उपस्थिति सुनिश्चित करना ठेकेदार की जिम्मेदारी है और इसमें किसी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इसी तरह निरीक्षण के दौरान कार्यस्थल पर अनुपस्थित पाए जाने पर वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक पंकज तांती और जोन क्रमांक 05 के वार्ड क्रमांक 34 के सुपरवाइजर दिनेश मंगरू के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अपर आयुक्त ने दोनों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
जोन क्रमांक 06 के वार्ड क्रमांक 38 में भी सफाई व्यवस्था में लापरवाही सामने आई। यहां संबंधित सुपरवाइजर ड्यूटी पर होने के बावजूद वार्ड में जगह-जगह गंदगी और कचरा फैला हुआ पाया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए सुपरवाइजर राकेश समुद्र और राकेश राही का भी एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान निगम की टीम ने सड़क पर रखी निर्माण सामग्री के खिलाफ भी कार्रवाई की। धानमंडी रोड पर सड़क के किनारे रेती और गिट्टी रखकर आवागमन बाधित किया जा रहा था। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी। निगम की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए 4 ट्रैक्टर रेती और 2 ट्रैक्टर गिट्टी जब्त की। इस मामले में संबंधित लोचन चंद्रा पर 8 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
वहीं कोनी क्षेत्र में सड़क पर कचरा फैलाने के मामले में भी निगम ने कार्रवाई की। दुकानदार अनीश गुप्ता के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निगम की टीम ने 2 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। निगम अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक सड़कों और स्थानों पर कचरा फैलाने तथा निर्माण सामग्री रखकर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। अपर आयुक्त खजांची कुम्हार ने निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई श्रमिकों की उपस्थिति, नियमित सफाई, कचरा उठाव और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने साफ किया कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से सफाई व्यवस्था की नियमित जांच के साथ लापरवाही करने वाले कर्मचारियों, सुपरवाइजरों और संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निगम ने नागरिकों और व्यापारियों से भी अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों, सड़कों और नालियों में कचरा या निर्माण सामग्री न डालें। प्रशासन ने शहरवासियों से सफाई व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालने की अपील की है।
Tags: