Khairagarh-Chhuikhadan-Gandai. खैरागढ़-छुईखदान-गंडई। जिले के थाना छुईखदान पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया है और अपहरण एवं दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को गंभीर धाराओं के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी द्वारा थाना छुईखदान में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को एक संदेही युवक बहला-फुसलाकर शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 77/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम का गठन किया गया और नाबालिग की तलाश शुरू की गई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया और उसे उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया। जांच के दौरान पीड़िता के बयान के आधार पर प्रकरण में धारा 64(2)(ड), 96 बीएनएस तथा धारा 6 पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी द्वारा नाबालिग को शादी का झांसा देकर अपहरण किया गया था और उसके साथ जबरन शारीरिक शोषण किया जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी दीपजोल कलसा, पिता अमर कलसा, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम कंचारिपारा, 14 परगना (पश्चिम बंगाल) को 27 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में उपजेल सलोनी भेज दिया गया है। थाना छुईखदान पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई को ऑपरेशन मुस्कान के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में बच्चों और महिलाओं से जुड़े अपराधों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।
Tags: