नाबालिग का अपहरण कर दुष्कर्म, डेढ़ महीने बाद राजस्थान से आरोपी गिरफ्तार

बच्ची सकुशल बरामद

Update: 2025-12-20 16:07 GMT
Keshkal. केशकाल। केशकाल थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्ची के अपहरण और दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए आरोपी आदित्य दुबे को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से नाबालिग बच्ची को भी बरामद कर लिया गया है, जो पिछले करीब डेढ़ महीने से लापता थी। पुलिस के अनुसार, बच्ची के लापता होने के बाद परिजनों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामला दर्ज होते ही पुलिस ने अपहरण और संभावित अपराध की आशंका को देखते हुए जांच शुरू कर दी थी। विश्रामपुरी पुलिस और साइबर सेल कोंडागांव की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी राजस्थान में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने राजस्थान में दबिश देकर आरोपी आदित्य दुबे को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से अपहृत बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। बच्ची को राजस्थान से छत्तीसगढ़ लाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों ने बच्ची को सकुशल पाकर राहत की सांस ली है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म से संबंधित गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि इस अपराध में कोई अन्य व्यक्ति तो शामिल नहीं था।
पहले भी केशकाल में सामने आ चुका है दिल दहला देने वाला मामला
गौरतलब है कि इससे पहले भी कोंडागांव जिला के केशकाल थाना क्षेत्र में 6 साल की बच्ची के साथ दरिंदगी का मामला सामने आ चुका है, जिसने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया था। उस मामले में भी आरोपी नाबालिग था। आरोपी ने कुरकुरे खिलाने का लालच देकर मासूम बच्ची को अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था।
इस जघन्य अपराध का खुलासा तब हुआ, जब बच्ची के पेट में तेज दर्द की शिकायत शुरू हुई। 24 सितंबर की शाम को परिजन बच्ची को केशकाल अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जब बच्ची की जांच की, तो वे हैरान रह गए। जांच में बच्ची के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई। डॉक्टरों ने तत्काल इसकी जानकारी परिजनों को दी, जिससे परिवार सदमे में आ गया।
इसके बाद डॉक्टरों ने इस पूरे मामले की सूचना ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. बिसेन को दी। ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि इस दरिंदगी को अंजाम देने वाला आरोपी भी नाबालिग था, जिसने बच्ची को बहलाकर अपने साथ ले जाकर गंभीर अपराध किया था।
लगातार घटनाओं से बढ़ी चिंता
केशकाल और कोंडागांव जिले में नाबालिगों के साथ हो रहे अपराधों ने समाज और प्रशासन दोनों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई के साथ-साथ सख्त कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाने की भी तैयारी की जा रही है। फिलहाल, राजस्थान से गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस इस मामले को पूरी गंभीरता से आगे बढ़ा रही है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि पीड़ित बच्ची और उसके परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
Tags:    

Similar News