Bijapur. बीजापुर। प्रदेश के मंत्री रामविचार नेताम ने आज अपने प्रवास के दौरान बीजापुर जिले स्थित कन्या शिक्षा परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परिसर में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का विस्तार से जायजा लिया और छात्राओं को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा एवं बेहतरीन संसाधन उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे विभागीय प्रयासों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान मंत्री नेताम ने छात्राओं से आत्मीय संवाद किया और उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि छात्राएं देश के सशक्त भविष्य की आधारशिला हैं और शिक्षा के माध्यम से वे प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं दीं और परिसर में शिक्षा के वातावरण को और अधिक समृद्ध बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। मंत्री नेताम ने शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए कहा कि सरकार छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।