ऑपरेशन तलाश के तहत बड़ी सफलता, लाखों की गबन कर फरार हुआ मैनेजर गिरफ्तार
छग
Raigarh. रायगढ़। जिले में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन “तलाश” के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना चक्रधरनगर पुलिस ने शिव शक्ति स्टील प्लांट में लाखों रुपये के गबन के मामले में फरार चल रहे ऑटोमोबाइल एक्जीक्यूटिव मैनेजर मनीष कुमार शर्मा को मध्यप्रदेश के सिंगरौली से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार यह मामला 03 सितंबर 2025 को दर्ज किया गया था, जब प्रार्थी विपुल माली ने शिकायत दर्ज कराई कि प्लांट में कार्यरत आरोपी मनीष कुमार शर्मा ने कंपनी के वाहनों से प्राप्त किराया राशि को कंपनी में जमा न कर अपने बैंक खाते और नकद रूप में रख लिया। आरोपी ने 01 अप्रैल 2025 से 30 जून 2025 के बीच करीब ₹11,35,861 की राशि का गबन किया। इसके साथ ही आरोप है कि उसने ट्रांसपोर्टरों से फर्जी बिल्टी तैयार कराकर धोखाधड़ी भी की।
मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए अलग-अलग स्थान बदल रहा था। इस दौरान पुलिस ने तकनीकी जांच और साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन मध्यप्रदेश के सिंगरौली में ट्रेस की। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर साइबर और चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर सिंगरौली रवाना की गई, जहां से आरोपी को पकड़कर रायगढ़ लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसके पास से एक सैमसंग गैलेक्सी A15 5G मोबाइल और ₹800 नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना चक्रधरनगर, साइबर सेल और अन्य पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑपरेशन तलाश के तहत फरार आरोपियों की गिरफ्तारी लगातार जारी है और अपराध कर कानून से बचने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे मामलों पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।