Raipur. रायपुर। राजधानी में प्रतिबंधित नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सरस्वती नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 900 नग प्रतिबंधित नशीली टैबलेट निट्रोसन (Nitrosun), 77 शीशी प्रतिबंधित सिरप ऑनरेक्स (ONEREX) और बिक्री रकम जब्त की है। पुलिस के अनुसार जब्त सामान और वाहन की कुल कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है। मामले में आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है। अभी भी रायपुर के कोटा, गुढ़ियारी, रामनगर, गंज, महोबा बाजार जैसे इलाकों में नशे के बड़े सौदागर अब भी घूम रहे है। और ये सभी बड़े-बड़े नशे के तस्कर अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। 
वाटिका नगर रोड के पास पकड़े गए आरोपी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार 16 सितंबर 2026 को थाना सरस्वती नगर पुलिस को सूचना मिली थी कि कोटा स्थित वाटिका नगर रोड के पास कुछ लोग दोपहिया वाहन से प्रतिबंधित नशीली टैबलेट और सिरप लेकर घूम रहे हैं और उन्हें बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुड़िया के निर्देश पर थाना सरस्वती नगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की।

तलाशी में मिली प्रतिबंधित दवाएं
पुलिस टीम ने बताए गए हुलिए और वाहन के आधार पर संदिग्ध लोगों की पहचान कर घेराबंदी की। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम सलमान खान और शेख युसुफ बताया। पुलिस ने जब उनके पास रखी बोरियों की तलाशी ली तो उसमें बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं मिलीं। आरोपियों से इन दवाओं को रखने और बिक्री से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उनके कब्जे से 900 नग निट्रोसन टैबलेट और 77 शीशी ऑनरेक्स सिरप बरामद किया।
बुलेट वाहन और नगदी भी जब्त
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से नशीली दवाओं की बिक्री से प्राप्त 4200 रुपये नगद भी मिले हैं। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई बुलेट वाहन क्रमांक CG 04 KS 8663 को भी जब्त किया गया है। मामले में थाना सरस्वती नगर में अपराध क्रमांक 201/26 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 21(सी), 22(ग), 29 नारकोटिक एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
सप्लायर और नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से प्रतिबंधित दवाओं के सप्लायर, खरीद के स्रोत और पूरे नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशीले पदार्थों की बिक्री, परिवहन और तस्करी में शामिल लोगों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। सूचना तंत्र को मजबूत कर ऐसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
सलमान खान पिता रहीम खान (19 वर्ष) निवासी संजय नगर बकरा मार्केट, थाना टिकरापारा, रायपुर।
शेख युसुफ पिता स्व. शेख जब्बार (40 वर्ष) निवासी नयापारा बिजली ऑफिस फुल चौक, थाना गोलबाजार, रायपुर। इस कार्रवाई में थाना सरस्वती नगर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Tags: