खैरागढ़ में पशु तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 7 आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-06-08 13:35 GMT
Khairagarh. खैरागढ़। जिला केसीजी पुलिस ने गंडई थाना क्षेत्र में पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में 10 मवेशियों के साथ दो पिकअप वाहन भी जब्त किए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 7,40,000 रुपये बताई गई है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बिरखा स्थित घटियारी मंदिर के पास एक पिकअप वाहन में कमजोर मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरकर बिना चारा-पानी के महाराष्ट्र स्थित कत्लखाने ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना गंडई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी कर वाहन की जांच शुरू की।

पहले मामले में पुलिस ने वाहन क्रमांक CG 09 JC 2599 को रोका। जांच के दौरान उसमें 5 बैल और 1 पांडा सहित कुल 6 मवेशी क्रूरतापूर्वक बंधे हुए पाए गए। इन मवेशियों की अनुमानित कीमत 80,000 रुपये बताई गई है। साथ ही घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन, जिसकी कीमत लगभग 3,00,000 रुपये है, उसे भी जब्त किया गया। इस मामले में पुलिस ने दयाराम पटेल (34), तोरन बाहेश्वर (40) और अश्वन पंचेश्वर (40) को गिरफ्तार किया। इस प्रकरण में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 183/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10, पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 66/192 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

दूसरे मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 184/2026 के तहत कार्रवाई करते हुए चार अन्य आरोपियों को पकड़ा। इनमें महेन्द्र पटेल (27), कमलेश पटेल (23), पाण्डव पटेल (28) और रोहित पंचतिलक (36) शामिल हैं। इनके कब्जे से 2 बैल और 2 पांडा सहित कुल 4 मवेशी बरामद किए गए, जिनकी कीमत लगभग 60,000 रुपये आंकी गई है। साथ ही पिकअप वाहन क्रमांक CG 08 V 6379, जिसकी कीमत करीब 3,00,000 रुपये है, उसे भी जब्त किया गया। दोनों मामलों को मिलाकर पुलिस ने कुल 10 मवेशियों को सुरक्षित किया और दो पिकअप वाहनों सहित कुल 7,40,000 रुपये की संपत्ति जब्त की। पुलिस ने सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में पशु तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है ताकि अवैध परिवहन और पशु क्रूरता पर रोक लगाई जा सके।
Tags:    

Similar News