नवा रायपुर में केबल और लोहे की चोरी का बड़ा खुलासा, 2 शातिर चोर गिरफ्तार

छग

Update: 2026-07-01 17:37 GMT
Raipur (Rural). रायपुर (ग्रामीण)। नवा रायपुर अटल नगर क्षेत्र में लंबे समय से चल रही केबल और लोहे के सामान की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। थाना राखी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जो पिछले कई वर्षों से लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस के अनुसार, नवा रायपुर विकास प्राधिकरण की ओर से थाना राखी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि सेक्टर-24 सतनाम चौक सहित आसपास के क्षेत्रों में निर्माण कार्यों में उपयोग होने वाले लोहे के छड़, रेलिंग, जाली, रॉड और केबल तारों की लगातार चोरी हो रही है। इसके अलावा रेलवे लाइन के पास लगे लोहे के सामान भी चोरी किए जा रहे थे।
दिनांक 29.06.2026 की रात एनआरडीए पेट्रोलिंग टीम ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को केबल चोरी करते हुए देखा था। टीम ने पीछा कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन दोनों अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए थे। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना राखी में अपराध क्रमांक 136/2026 धारा 303(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रायपुर श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश पर आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना और पूर्व में सक्रिय अपराधियों की गतिविधियों की जांच शुरू की।
लगातार जांच और निगरानी के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान विजय कुमार ठाकुर और विक्की सवरा के रूप में की। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें शुरुआत में उन्होंने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन साक्ष्यों के आधार पर सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पिछले करीब 3 से 4 वर्षों से नवा रायपुर क्षेत्र में सक्रिय थे। वे सुनसान और निर्माणाधीन इलाकों को निशाना बनाकर रात के समय लोहे के छड़, रेलिंग, रॉड, जाली, केबल तार और अन्य निर्माण सामग्री की चोरी करते थे। चोरी की गई सामग्री को वे बाद में बेचकर अवैध लाभ कमाते थे।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है। इसमें लोहे के छड़, एंगल, रेलिंग, सड़क किनारे लगे रॉड, रेलवे लाइन के पास से चोरी की गई लोहे की छोटी पटरी और केबल तार शामिल हैं। पुलिस का मानना है कि इन आरोपियों की गिरफ्तारी से नवा रायपुर क्षेत्र में हुई कई अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है। फिलहाल दोनों आरोपियों से अन्य मामलों को लेकर विस्तृत पूछताछ जारी है।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी आदतन अपराधी किस्म के हैं और इनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इनके साथ और कौन लोग इस गिरोह में शामिल हो सकते हैं। गिरफ्तार आरोपियों में विजय कुमार ठाकुर (30 वर्ष, निवासी ग्राम पलोद, थाना मंदिर हसौद, रायपुर) और विक्की सवरा (30 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक-17, शांति नगर, ग्राम पटेवा, थाना अभनपुर, रायपुर) शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार की चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए नवा रायपुर क्षेत्र में निगरानी और पेट्रोलिंग को और मजबूत किया जाएगा।
Tags:    

Similar News