Raigarh. रायगढ़। जिले में अवैध कबाड़ और स्क्रैप परिवहन के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का “ऑपरेशन प्रहार” लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत घरघोड़ा पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान स्क्रैप से लदे एक माजदा वाहन को पकड़कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने वाहन से करीब 4.5 टन लोहा-टीन का स्क्रैप बरामद किया है। जब्त स्क्रैप की अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे माजदा वाहन की कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने कुल 15.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई। अभियान के अंतर्गत पुलिस संदिग्ध गतिविधियों, अवैध कबाड़ के परिवहन और उससे जुड़ी गतिविधियों पर निगरानी रख रही है। इसी क्रम में घरघोड़ा थाना पुलिस ने संदिग्ध वाहन की जांच के दौरान यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार बीती रात थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम बाईपास रोड स्थित घरघोड़ा रेलवे ओवरब्रिज के पास संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान टीम की नजर टाटा 1109 माजदा क्रमांक CG-04-QK-3542 पर पड़ी। पुलिस ने वाहन को जांच के लिए रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर वाहन चालक ने माजदा को तेजी से भगाने का प्रयास किया।
चालक के इस व्यवहार के बाद पुलिस टीम सतर्क हो गई और घेराबंदी कर माजदा वाहन को रोक लिया। इसके बाद वाहन की तलाशी ली गई। जांच के दौरान माजदा के पीछे डाले में बड़ी मात्रा में लोहा-टीन का स्क्रैप लोड मिला। पुलिस ने चालक से स्क्रैप और वाहन से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा। पुलिस के मुताबिक वाहन चालक पुरुषोत्तम एक्का, उम्र 42 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 07, इंदिरानगर रायगढ़, दस्तावेजों को लेकर टालमटोल करता रहा। पुलिस वाहन को थाने लेकर पहुंची और चालक को स्क्रैप के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया। हालांकि, पूछताछ के बावजूद चालक कोई वैध दस्तावेज पुलिस के सामने प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने संदेही चालक से पूछताछ की और मुखबिर तंत्र के माध्यम से स्क्रैप के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार पूछताछ और प्राप्त सूचना के आधार पर स्क्रैप को अवैध तरीके से परिवहन कर बिक्री के उद्देश्य से ले जाए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने वाहन में लोड करीब 4.5 टन स्क्रैप को जब्त कर लिया। जब्त किए गए स्क्रैप की अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है। वहीं, स्क्रैप परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे माजदा वाहन की कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई। इस तरह पुलिस ने कार्रवाई में कुल 15.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
मामले में आरोपी चालक पुरुषोत्तम एक्का के खिलाफ थाना घरघोड़ा में धारा 35(क-ङ) बीएनएसएस एवं धारा 303(2) बीएनएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने अवैध कबाड़ के परिवहन से जुड़े नेटवर्क और गतिविधियों पर भी निगरानी जारी रखने की बात कही है। रायगढ़ पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध कबाड़ के परिवहन और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार जांच और कार्रवाई की जा रही है। रात्रि गश्त के दौरान संदिग्ध वाहनों की जांच बढ़ाई गई है। पुलिस द्वारा वाहन चालकों से परिवहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू, सहायक उप निरीक्षक खेजराज पटेल और हमराह पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध स्क्रैप परिवहन करने वालों में हड़कंप की स्थिति है।
Tags: