Raipur. रायपुर। रायपुर नगर निगम जोन 8 क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 70 संत रविदास वार्ड सरोना नाला के समीप लगभग 1 एकड़ भूमि में की जा रही अवैध प्लॉटिंग पर निगम प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार, जोन 8 कमिश्नर श्रीमती राजेश्वरी पटेल के नेतृत्व में नगर निवेश विभाग की टीम, कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा, सहायक अभियंता अमन चंद्राकर और उप अभियंता लोचन चौहान की मौजूदगी में मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पाया गया कि उक्त भूमि पर बिना अनुमति के प्लॉटिंग की जा रही थी और अवैध रूप से मुरूम रोड का निर्माण किया गया था। निगम टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जेसीबी की मदद से अवैध मुरूम रोड को काट दिया।
मौके पर चल रहे निर्माण कार्य को रोक दिया। इसके साथ ही पूरे क्षेत्र में आगे किसी भी तरह की अवैध गतिविधि पर रोक लगाने के लिए चेतावनी बोर्ड भी लगाया गया। प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित प्रकरण में पंजीयक को पत्र प्रेषित कर रजिस्ट्री रोकने के निर्देश दिए हैं, ताकि भूमि की अवैध खरीद-फरोख्त को रोका जा सके। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, शहर में अवैध प्लॉटिंग और बिना अनुमति निर्माण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।