लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने 3.68 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन
Ambikapur. अंबिकापुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में अधोसंरचना विकास एवं बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सरगुजा जिले के लुण्ड्रा विकासखंड में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार एवं ग्रामीण सड़क संपर्क को मजबूत करने की दिशा में दो महत्वपूर्ण विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने ग्राम पंचायत लमगांव एवं डडगांव में कुल 3 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत विकास कार्यों का विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन किया। इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ आवागमन की सुविधा मिलेगी। विधायक मिंज ने ग्राम पंचायत लमगांव में 32 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का भूमिपूजन किया।
उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण से स्थानीय ग्रामीणों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इसी क्रम में विधायक मिंज ने ग्राम पंचायत डडगांव में डडगांव से दोरना तक 2 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस सड़क के निर्माण के लिए 3 करोड़ 36 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। सड़क निर्माण से डडगांव, दोरना सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा। ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आवागमन में सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, विधायक प्रतिनिधि जयंत मिंज, ग्राम पंचायत लमगांव, दोरना एवं डडगांव के सरपंच सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।