ड्रिंक एंड ड्राइव चेकिंग में रुकने को कहा तो ट्रैफिक TI को ही टक्कर मारकर भागा ड्राइवर, रायपुर की घटना
छत्तीसगढ़.
रायपुर: शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच के दौरान राजधानी रायपुर में ऐसी घटना घटी, जिसकी चर्चा हो रही है. जांच के दौरान टाटा एस वाहन चालक ने गाली-गलौज करते हुए रास्ते से नहीं हटने पर ट्रैफिक थाना प्रभारी को ठोकर मारकर फरार हो गया. घटना में जहां घायल टीआई का अस्पताल में उपचार किया गया, वहीं आरोपी ड्राइवर के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 16 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे की है. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर यातायात पुलिस की टीम शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच और कार्रवाई कर रही थी. इस दौरान यातायात थाना नया बस स्टैंड भाठागांव के निरीक्षक एवं प्रभारी नवल किशोर कश्यप अपनी टीम के साथ कुशालपुर चौक से भाठागांव की ओर आने वाली सर्विस रोड पर चल रही वाहनों की जांच कर रहे थे. टीम में प्रधान आरक्षक अभयराव, आरक्षक मनोज सावड़े सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे. भाठागांव चौक पर पाइंट ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी भी जांच में सहयोग कर रहे थे.
जांच के दौरान दौरान टाटा एस वाहन क्रमांक सीजी 04 क्यूसी 0865 वहां पहुंचा. निरीक्षक नवल किशोर कश्यप ने वाहन चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने रुकने की बजाय पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. यहां तक उसने पुलिसकर्मियों को हटने के लिए कहते हुए धमकी दी कि रास्ते से नहीं हटे तो गाड़ी चढ़ा देगा. इसके बाद वह पुलिसकर्मियों को टक्कर मारते हुए वाहन लेकर आगे बढ़ गया.
वाहन चालक को रोकने के लिए निरीक्षक नवल किशोर कश्यप उसके पीछे दौड़े. इस दौरान चालक ने वाहन को लहराते हुए चलाया और निरीक्षक को टक्कर मार दी. इससे उनके बाएं टखने, बाएं घुटने, बाईं जांघ और पीठ में चोट आई. घटना के बाद चालक गाली-गलौज करते हुए वाहन लेकर फरार हो गया. घायल निरीक्षक ने अस्पताल पहुंचकर अपना उपचार कराया.
घटना के बाद की गई जांच में टाटा एस के चालक के तौर पर आशीष देवांगन पिता राजकुमार देवांगन, निवासी महादेव तालाब के पास पुराना चंगोराभाठा, थाना डीडीनगर की पहचान सामने आई. इसके बाद निरीक्षक नवल किशोर कश्यप की लिखित शिकायत पर पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 121 (1), 132, 221, 296 और 351(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है. मामले की जांच उपनिरीक्षक जगदंबा तिवारी कर रही हैं.