मक्के के खेत के पास बिछा था करंट वाला तार, छूते ही युवक की मौत
मामलें में आरोपी गिरफ्तार
Surguja. सरगुजा। बतौली थाना क्षेत्र में अवैध रूप से बिछाए गए बिजली के तार की चपेट में आने से एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी ने अपने घर से अवैध बिजली कनेक्शन लेकर मक्के की फसल के किनारे जंगली सुअर के शिकार के लिए नंगा विद्युत तार बिछाया था। इसी तार के संपर्क में आने से रामकृष्णा कोरवा की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल बिजली का तार जब्त किया है।
खेत के पास तार की चपेट में आया युवक
मामला 12 सितंबर 2026 का है। पुलिस को सूचक राम कैलाश ने बताया कि उसका भाई रामकृष्णा कोरवा अपने साथियों के साथ बाड़ी की सफाई का काम कर रहा था। काम के दौरान सुबह करीब 10:30 बजे काटी गई झाड़ियों को हटाने के लिए लकड़ी का गेंड़ा लेने वह मनबहाल कोरवा के मक्के के खेत के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान रामकृष्णा वहां अवैध रूप से बिछाए गए बिजली के तार के संपर्क में आ गया। तार में करंट प्रवाहित हो रहा था। करंट लगने के बाद रामकृष्णा की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक जांच में सामने आया कि मनबहाल कोरवा ने अपने घर से अवैध कनेक्शन लेकर मक्के की फसल के किनारे नंगा जीआई बिजली का तार बिछाया था। आरोप है कि इस तार का इस्तेमाल जंगली सुअर के शिकार के लिए किया जा रहा था।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग क्रमांक 63/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी के खिलाफ थाना बतौली में अपराध क्रमांक 117/26 के तहत धारा 105 बीएनएस और धारा 135 विद्युत अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए। इसके बाद आरोपी मनबहाल राम को पकड़कर थाने लाया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम मनबहाल राम पिता कमंडल, उम्र 44 वर्ष, निवासी बासाझाल, थाना बतौली बताया।
पूछताछ में अपराध स्वीकार करने का दावा
पुलिस के अनुसार आरोपी से घटना के संबंध में पूछताछ की गई और उसका मेमोरेंडम कथन लिया गया। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बिजली का तार भी बरामद कर जब्त किया गया। विवेचना के दौरान आरोपी के खिलाफ अपराध से संबंधित पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को वैधानिक प्रक्रिया के तहत न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस के अनुसार अवैध और असुरक्षित तरीके से बिजली के तार में करंट प्रवाहित करना लोगों की जान के लिए गंभीर खतरा है। इस मामले में भी खेत के पास बिछाए गए तार की चपेट में आने से एक व्यक्ति की जान चली गई। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी बतौली निरीक्षक विवेक सेंगर के साथ आरक्षक राकेश एक्का, वीरेंद्र बंजारे, राजेश खलखो, जोगी बड़ा समेत अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही।