सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा और सूरजपुर जिले में पिछले छह महीने से दहशत का पर्याय बने कबरा हाथी को आखिरकार वन विभाग की टीम ने पकड़ लिया है। बुधवार को रामगढ़ पहाड़ी के नीचे वन विभाग ने विशेष अभियान चलाकर कबरा हाथी को ट्रैंकुलाइज किया। इस ऑपरेशन में दो प्रशिक्षित कुमकी हाथियों दुर्योधन और तीरथ की मदद ली गई। हाथी को बेहोश करने के बाद सुरक्षित बांध दिया गया है। अब उसे रेडियो कॉलर लगाकर रेस्क्यू सेंटर भेजने की तैयारी की जा रही है।
छह महीने में 19 लोगों की ले चुका है जान
जानकारी के मुताबिक, कबरा हाथी पिछले छह महीने से सरगुजा और सूरजपुर के वन क्षेत्रों में लगातार घूम रहा था। इस दौरान 19 लोगों की मौत का जिम्मेदार उसे बताया गया है। हाथी के आतंक के कारण आसपास के ग्रामीण इलाकों में भय का माहौल बना हुआ था। वन विभाग की टीम लंबे समय से उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इस बीच कबरा हाथी 17 हाथियों के झुंड में शामिल हो गया था, जिससे उसे पकड़ना और भी चुनौतीपूर्ण हो गया था।
सोमवार को चूका निशाना, बुधवार को मिली सफलता
वन विभाग की टीम लगातार हाथियों के झुंड को ट्रैक कर रही थी। सोमवार को कुमकी हाथियों की कबरा हाथी से भिड़ंत हुई थी, लेकिन ट्रैंकुलाइजर गन का निशाना चूकने के कारण अभियान सफल नहीं हो पाया। इसके बाद भी टीम ने निगरानी जारी रखी। मंगलवार रात हाथियों का दल सरमा-चकेरी और तेंदूटिकरा के जंगलों में घूमता रहा। बुधवार सुबह हाथियों का झुंड रामगढ़ पहाड़ी के नीचे पहुंचा। इसकी जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम कुमकी हाथियों दुर्योधन और तीरथ को लेकर मौके पर पहुंच गई। वन्यजीव चिकित्सक कुमकी हाथी पर बैठकर कबरा हाथी के करीब पहुंचे और ट्रैंकुलाइजर गन से डार्ट मारा। दवा का असर होने के बाद कबरा हाथी बेहोश हो गया। इसके बाद टीम ने उसे सुरक्षित बांध दिया।
रेडियो कॉलर लगाकर रेस्क्यू सेंटर भेजने की तैयारी
अभियान के दौरान कबरा हाथी के साथ झुंड के अन्य हाथी भी मौजूद थे। वन विभाग की टीम ने उन्हें दूर करने की कोशिश की, ताकि बेहोश हाथी को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। ट्रैंकुलाइज करने के बाद रेडियो कॉलर लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। सीसीएफ वाइल्ड लाइफ प्रणय मिश्रा ने कबरा हाथी को ट्रैंकुलाइज किए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और हाथी को रेस्क्यू सेंटर भेजने की तैयारी की जा रही है।
Tags: