कोरिया: कोरिया जिले के चरचा कॉलरी स्थित स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में मंगलवार को मधुमक्खियों के झुंड ने बच्चों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में करीब 50 छात्र-छात्राएं घायल हो गए।
कई बच्चों को मधुमक्खियों ने एक से ज्यादा डंक मारे। करीब दर्जनभर बच्चों को बैकुंठपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य का इलाज चरचा अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक सभी बच्चों की हालत फिलहाल स्थिर है।
जानकारी के मुताबिक, स्कूल परिसर में दोपहर करीब 12 बजे मधुमक्खियों का झुंड पहुंचा और बच्चों पर हमला कर दिया। अचानक मधुमक्खियों के डंक से बचने के लिए छात्र-छात्राएं इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान करीब 50 बच्चों को डंक लगे। कई बच्चों को शरीर के अलग-अलग हिस्सों में कई डंक मारे गए।
हमले के बाद घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाने के बजाय स्कूल प्रबंधन ने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन स्कूल पहुंचे और बच्चों को चरचा रीजनल हॉस्पिटल ले गए। वहां से गंभीर रूप से घायल बच्चों को बैकुंठपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में करीब 12 बच्चों का इलाज चल रहा है।
घटना के बाद स्कूल प्रबंधन के रवैये को लेकर परिजनों ने नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि बच्चों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था करने के बजाय उन्हें सूचना दी गई, जिसके बाद परिजन खुद बच्चों को लेकर अस्पताल पहुंचे।
दोपहर ढाई बजे तक शिक्षा विभाग के अधिकारी भी अस्पताल नहीं पहुंचे थे। बड़ी संख्या में बच्चों के घायल होने के बावजूद विभागीय अधिकारियों को सूचना नहीं दिए जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
Tags: