रायपुर के संडे बाजार में अतिक्रमण हटाने निगम-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

छग

Update: 2026-02-22 12:54 GMT
Raipur. रायपुर। रायपुर के मौदहापारा में लगने वाले संडे बाजार में आज नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। मुख्य मार्ग पर कब्जा कर सड़क पर सामान लगाकर दुकान लगाने वाले फेरीवालों को चेतावनी देने के बाद उनके ठेले और सामान जब्त किए गए। कार्रवाई का उद्देश्य बाजार में यातायात सुचारू बनाए रखना और अराजकता को रोकना था। यह अभियान रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देश पर चलाया गया। नगर निवेश विभाग जोन-2 के अधिकारी, मौदहापारा थाना पुलिस बल और नगर निगम के उड़नदस्ता दल ने मिलकर बाजार में निरीक्षण किया और अतिक्रमण हटाया।


टीम ने करीब 20 ठेलों को मुख्य मार्ग से हटवाया। चेतावनी के बावजूद सड़क पर कब्जा करने वाले फेरीवालों के लगभग 10 टेबल, पलंग और अन्य सामग्री जब्त की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि कोई भविष्य में सड़क पर सामान रखकर यातायात बाधित करता है, तो उसके खिलाफ और सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम के अनुसार, लगातार चल रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान से मौदहापारा संडे बाजार मार्ग पर यातायात व्यवस्था बेहतर हुई है और लोगों को जाम से राहत मिली है।


नगर निगम ने पहले ही आदेश जारी कर दिया है कि बाजार में दुकान लगाने वाले फेरीवालों को वैध पहचान पत्र जमा करना अनिवार्य होगा। बिना आईडी किसी को भी व्यवसाय की अनुमति नहीं दी जाएगी। महापौर मीनल चौबे ने नगर निवेश विभाग को निर्देश दिए हैं कि केवल स्थानीय फेरीवालों को ही बाजार में बैठने की अनुमति दी जाए। बाहर से आने वाले व्यापारियों को अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी दुकानदारों को तय की गई व्हाइट लाइन के भीतर ही बैठना होगा। बाजार का दायरा सीमित किया जाएगा ताकि सड़क पर जाम और अव्यवस्था न हो।




इसके अलावा, बाजार के समय और संचालन के नियमों पर भी पुनर्विचार किया जाएगा। शहर के सभी गेंट्री गेट के दोनों छोर पर स्पष्ट दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाएंगे और अनुबंध की शर्तों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा। प्रत्येक सप्ताह बाजार में निगरानी रखी जाएगी ताकि कोई भी फेरीवाला नियमों का उल्लंघन न कर सके। इससे न केवल यातायात बाधा कम होगी, बल्कि स्थानीय नागरिक और दुकानदार दोनों के लिए बाजार का माहौल सुरक्षित और व्यवस्थित रहेगा। सिटी प्रशासन ने जनता से भी अपील की है कि वे अतिक्रमण या जाम की शिकायतें नगर निगम और पुलिस को तुरंत दें। इस अभियान से यह स्पष्ट संदेश गया कि रायपुर में कानून और व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।
Tags:    

Similar News

null