रायपुर और आसपास के इलाकों में मारपीट और लूट की घटनाएं, पुलिस ने दर्ज किए कई मामले

छग

Update: 2025-08-01 15:50 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर और इसके आसपास के थाना क्षेत्रों में हाल ही में मारपीट, लूट और धमकी की कई घटनाएं सामने आई हैं। तेलीबांधा, माना कैंप, गोबरानवापारा और विधानसभा थाना क्षेत्र के ग्राम खौना में बीते दो दिनों के भीतर हिंसक वारदातों को अंजाम दिया गया, जिससे आम जनता में असुरक्षा का माहौल है। सभी मामलों में पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तेलीबांधा: गुटखा थूकने से रोकने पर मॉल गार्ड से मारपीट
तेलीबांधा थाना पुलिस के अनुसार, राज कुमार कुर्रे (निवासी – चारभाठा सरसींवा, सारगढ़), वर्तमान में जोरा ‘द मॉल’ में बतौर गार्ड कार्यरत हैं। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई कि मॉल में पहले काम कर चुके बंटी यादव को गुटखा खाकर थूकने से रोका था। इसी बात को लेकर 30 जुलाई की सुबह करीब 8:30 बजे जोरा तालाब के पास बंटी यादव अपने साथियों के साथ आया और राज कुमार से गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद आरोपियों ने हाथमुक्का और डंडे से मारपीट की, और बंटी ने किसी नुकीली चीज से भी हमला कर दिया। घायल गार्ड ने इलाज के बाद थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में IPC की धाराएं 115(2), 296, 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।
माना कैंप: किराए के पैसों को लेकर बुजुर्ग पर हमला
माना कैंप थाना क्षेत्र में विष्णु नामक एक बुजुर्ग के साथ किराए के पैसे मांगने पर मारपीट की गई। आरोपी प्रमोद रात्रे ने तीन से चार महीने से विष्णु के घर के एक कमरे को सामान रखने के लिए किराए पर लिया था। लेकिन समय बीतने के बावजूद किराया नहीं दिया गया। जब विष्णु ने किराया मांगा, तो प्रमोद ने धमकी दी और फिर हाथ-मुक्के से मारपीट कर दी। पुलिस ने विष्णु की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
गोबरानवापारा: ट्रांसपोर्ट संचालक से मारपीट और ₹15,000 की लूट
गोबरानवापारा में आधी रात को ट्रांसपोर्ट संचालक मोहम्मद रजा और उनके ड्राइवर कुलेश्वर के साथ लूट की वारदात हुई। 30 जुलाई की रात करीब 11:15 बजे, जब वे अटोपार्ट्स का सामान लेकर रायपुर से लौट रहे थे, पारागांव के आशीष होटल के पास शुभम कंसारी, तामेश (लोमश) निर्मलकर और उनके एक साथी ने बाइक को उनकी गाड़ी के सामने खड़ा कर दिया और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर तीनों ने मिलकर मारपीट की और किसी वस्तु से हमला किया। इस दौरान रजा की जेब में रखे ₹15,000 नकद और बिल के कागजात भी लूट लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने लूट और मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है।
ग्राम खौना: सुपरवाइजर पर बाइक सवार युवकों का हमला
विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खौना के टेकारी मोड़ के पास ड्यूटी से घर लौट रहे एक सुपरवाइजर कुलदीप पर तीन बाइक सवार युवकों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर डंडे से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए कुलदीप को अपनी बाइक वहीं छोड़नी पड़ी और वह थाने जाकर रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचा। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस की कार्यवाही
इन सभी मामलों में पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया है। तेलीबांधा, माना कैंप, गोबरानवापारा और विधानसभा थाना पुलिस अलग-अलग मामलों की जांच में जुटी हुई है। कुछ मामलों में आरोपियों की पहचान हो चुकी है, जबकि अन्य मामलों में पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
Tags:    

Similar News