तेज आंधी के साथ हुई बारिश, बढ़ी उमस

छग

Update: 2022-05-02 16:27 GMT

भिलाई। भीषण गर्मी के बीच सोमवार शाम 4 बजे भिलाई में तेज आंधी और गरज चमक के साथ मौसम ने करवट ली। इसके बाद यहां आधे घंटे तेज बारिश हुई। बारिश होने की वजह से 41 डिग्री सेल्सियस का तापमान घटकर 36 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। इस थोड़ी देर की बारिश से जहां बाहर का मौसम ठंडा रहा तो वहीं घरों के अंदर उमस ने लोगों और अधिक गर्मी से परेशान कर दिया।

सोमवार को सुबह से ही दुर्ग जिले का मिजाज काफी गर्म रहा। यहां दोपहर 12 से 3 बजे तक तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। वहीं शाम चार बजे के बाद मौसम बदलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शाम चार बजे हल्का बूंदाबांदी के बाद मौसम सामान्य हो गया था। इसके बाद फिर शाम साढ़े 4 बजे तेज आंधी चली और बारिश भी हुई। यह बारिश भिलाई और दुर्ग दोनों ही शहरों में हुई, लेकिन कहीं पर बारिश तेज हुई तो कहीं सामान्य बूंदा बांदी होकर बंद हो गई। हालांकि शाम का मौसम ठंडा हो गया। बादल छाय रहने से तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक कम हो गया।
ये बारिश और बढ़ाएगी उमस व गर्मी
लोगों का कहना है कि इस तरह कुछ देर के लिए हुई बारिश गर्मी को कम करने की जगह उमस के साथ और अधिक गर्मी पैदा करती है। लोगों का कहना है कि 42-43 डिग्री सेल्सियस की गर्मी में जमीन का तापमान काफी अधिक होता है। ऐसे में यदि कई घंटे लगातार तेज बारिश होती है जमीन की गर्मी शांत होती है, लेकिन यदि कुछ देर के लिए बारिश हुई तो वह गर्मी और तेज हो जाती है साथ उमस भी पैदा होती है।

Similar News