Raipur. रायपुर। भारत की 19 वर्षीय युवा शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख द्वारा FIDE महिला वर्ल्ड कप जीतने पर छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मंत्री जायसवाल ने कहा कि देश की इस जाबांज बिटिया ने अपनी प्रतिभा, धैर्य और संकल्प के दम पर पूरी दुनिया में भारत का परचम लहराया है। यह सिर्फ एक व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने बधाई संदेश में कहा, “मात्र 19 वर्ष की आयु में दिव्या देशमुख ने FIDE महिला विश्व कप जीतकर न केवल भारत को गौरवान्वित किया है, बल्कि शतरंज जगत में एक नया इतिहास रच दिया है। उनकी यह सफलता उनकी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास की मिसाल है। वे आज करोड़ों युवाओं, खासकर बेटियों के लिए प्रेरणा बनी हैं।”


उन्होंने कहा कि दिव्या देशमुख की यह ऐतिहासिक जीत भारत की नई पीढ़ी को यह संदेश देती है कि यदि लगन और आत्मविश्वास हो, तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। यह उपलब्धि महिला सशक्तिकरण और खेल के क्षेत्र में भारत की बढ़ती ताकत को भी दर्शाती है। छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से भी दिव्या देशमुख को आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं दी गई हैं और संकेत दिए गए हैं कि राज्य सरकार देश के उभरते खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए हरसंभव सहयोग देती रहेगी। स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी कहा कि भारत जैसे देश में, जहां युवाओं की संख्या सबसे अधिक है, ऐसे उदाहरण आने वाली पीढ़ियों को नई दिशा देने का काम करते हैं। दिव्या देशमुख की यह उपलब्धि खेलों के प्रति उत्साह और समर्पण को और मजबूती प्रदान करेगी। FIDE महिला विश्व कप जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनकर दिव्या देशमुख ने न केवल इतिहास रचा, बल्कि यह साबित कर दिया कि भारतीय महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उनका यह कीर्तिमान भविष्य में भारतीय खेलों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा।
Tags: