बिलासपुर में दिल दहला देने वाली घटना, युवक ने सड़क पर खुद को लगाई आग
देखें LIVE VIDEO...
Bilaspur. बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पौसरी में एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने बीच सड़क पर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। पूरी घटना का लाइव CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। युवक की पहचान मनजीत जायसवाल (28 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ग्राम पौसरी का निवासी बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, 18 अप्रैल को दोपहर के समय मनजीत ने अपने ही गांव के पेट्रोल पंप से एक डिब्बे में पेट्रोल खरीदा। इसके बाद वह अपनी बुलेट बाइक से कुछ दूरी तक गया और फिर सड़क किनारे रुककर अचानक अपने शरीर पर पेट्रोल डाल लिया।
इसके बाद उसने माचिस जलाकर खुद को आग के हवाले कर दिया। आग लगते ही युवक चारों तरफ से लपटों में घिर गया और दर्द से चीखते हुए सड़क पर इधर-उधर भागने लगा। आग की तेज तपिश के कारण वह जमीन पर गिरकर लोटने लगा। यह पूरा दृश्य आसपास मौजूद लोगों के लिए बेहद भयावह था, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत दौड़कर आग बुझाने का प्रयास किया और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल बिलासपुर के बर्न और ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार युवक लगभग 80 प्रतिशत तक झुलस चुका है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल उसका इलाज जारी है और स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
घटना के बाद युवक की बुलेट मोटरसाइकिल भी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। पुलिस को दिए शुरुआती बयान में युवक ने इसे एक हादसा बताया है, लेकिन CCTV फुटेज में साफ तौर पर वह खुद पेट्रोल डालकर आग लगाते हुए दिखाई दे रहा है। इसी वजह से पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर हर एंगल से जांच कर रही है। एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत अस्पताल भेजा गया। उन्होंने कहा कि युवक ने ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और मानसिक स्थिति सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह घटना अचानक हुई, जिससे किसी को कुछ समझने का मौका नहीं मिला। फिलहाल पुलिस ने CCTV फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।