स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सिघत गांव में चौपाल लगाकर किया जनसंवाद
छग
Manendragarh. मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने रविवार को मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के खड़गवां जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत सिघत में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। मंत्री जायसवाल ने आम जनता की समस्याओं, आवश्यकताओं और सुझावों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। चौपाल कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधिगण, पंचायत पदाधिकारी, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
मंत्री ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, पेयजल और सड़क जैसे मुद्दों पर ग्रामीणों से फीडबैक लिया गया। उन्होंने कहा कि सरकार जनसुनवाई और चौपाल जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से सीधे आम जनता से जुड़कर समस्याओं का समाधान कर रही है। चौपाल में ग्रामीणों ने भी खुलकर अपनी बात रखी और मंत्री ने सभी बिंदुओं पर समुचित कार्यवाही का भरोसा दिलाया। इस दौरान ग्रामीणों में मंत्री से सीधे संवाद कर अपनी बात रखने को लेकर उत्साह का माहौल रहा।