वेक्टर जनित रोगों के नियमित मॉनिटरिंग करें: कलेक्टर वसंत

छग

Update: 2026-07-30 19:03 GMT
Ambikapur. अंबिकापुर। कलेक्टर अजीत वसंत ने गुरुवार को जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ पी. एस. मार्को, सिविल सर्जन जे के रेलवानी सहित राष्ट्रीय कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी, बीएमओ, डीपीएम, बीपीएम तथा सर्वसम्बन्धित उपस्थित रहे। बैठक में जिले में संचालित विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा- निर्देश दिए गए। इस दौरान जिले में स्वास्थ्य केंद्रों, चिकित्सकों, चिकित्सकीय उपकरणों की उपलब्धता,
स्वास्थ्य सुविधाओं
की स्थिति पर विस्तृत चर्चा हुई। कलेक्टर वसंत ने नर्सिंग होम के नोडल अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि नर्सिंग होम के सम्बन्ध में किसी प्रकार की शिकायत ना आए, लापरवाही पर सम्बंधित पर कार्रवाई सुनिश्चित करें। आयुष्मान कार्ड निर्माण की जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड के सम्बन्ध में शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल कार्रवाई हो। उन्होंने आयुष्मान योजना में लापरवाही पर सम्बंधित हॉस्पिटल में नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने टी.बी. उन्मूलन के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली तथा जांच, पॉजिटिव मरीजों की संख्या, निक्षय निरामय जांच एवं उपचार अभियान के बारे में जानकारी ली तथा कहा कि उपचार में किसी भी तरह की लापरवाही न हो। उन्होंने ग्राम पंचायतों के माध्यम से पोषण आहार वितरण की जानकारी ली तथा कहा कि हर माह के प्रथम सप्ताह में मरीजों की अपडेटेड लिस्ट जनपद पंचायत सीईओ को उपलब्ध कराएं, ताकि पात्रों को समय पर पोषण आहार मिल सके। इस दौरान डॉक्टरों द्वारा प्राइवेट चिकित्सालयों में मरीजों के रेफरल एवं कारणों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा उन्होंने कहा कि अनावश्यक रेफरल पर सम्बंधित पर कार्रवाई होगी। उन्होंने सीएमएचओ को अनावश्यक रेफरल पर सम्बंधित को स्पष्टीकरण जारी करने निर्देशित किया। इस दौरान विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों अंतर्गत टीकाकरण कार्य की जानकारी ली गई। बैठक में U-WIN (Universal Immunization WIN) पोर्टल की प्रगति की भी जानकारी ली गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के सभी पात्र गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों का U-WIN पोर्टल पर शत-प्रतिशत पंजीयन किया जाए तथा प्रत्येक हितग्राही को निर्धारित समयानुसार सभी आवश्यक टीके लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र हितग्राही टीकाकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए।टीकाकरण कार्य में कम प्रगति पर बतौली, मैनपाट तथा उदयपुर के बीएमओ को नोटिस जारी करने तथा मैनपाट के तीन आरएचओ का वेतन रोकने की करवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में कलेक्टर वसंत ने हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की जानकारी ली। उन्होंने मैनपाट में हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं के पहचान की गति धीमी होने पर शत-प्रतिशत पहचान के निर्देश दिए। साथ ही सभी बीएमओ को गम्भीरता से कार्य करने कहा। उन्होंने जिले में मातृत्व मृत्यु दर की जानकारी ली तथा गर्भवती महिलाओं को पर्याप्त पोषण आहार, नियमित जांच, आवश्यक दवाइयों, टीकाकरण आदि सुनिश्चित करने कहा। रात्रिकालीन प्रसव सम्बन्धी मामलों को अनावश्यक रूप से रेफर ना करें, शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव के लिए लोगों को प्रेरित करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर वसंत ने स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न रिक्त पदों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिन पदों पर भर्ती की जानी है, उनकी जल्द से जल्द समीक्षा कर जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने पूर्व में जारी भर्ती प्रक्रिया में प्रगति की जानकारी ली तथा कहा कि एनएचएम अन्तर्गत भर्ती में प्रतीक्षा सूची के अभ्यर्थियों को भर्ती दी जा सकती है। इस हेतु कार्यवाही सुनिश्चित करें और प्रक्रिया में तेजी लाएं।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि सभी बीएमओ ऐसे पीएचसी जहां भवन मरम्मत कार्य की जरुरत है, इसकी लिस्ट तैयार कर जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि किसी भी उपस्वास्थ्य केंद्र का स्थान परिवर्तित करने के पहले अनुमोदन लेना जरूरी होगा। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकीय उपकरणों की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त दवाईयों का स्टॉक रहे, ताकि मरीजों को समस्या ना हो। इस दौरान मरीजों हेतु स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली गई। इसके साथ ही जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, आमजनों तक सेवाओं की पहुंच सहित अन्य महत्वपूर्ण मानकों के सम्बंध में विस्तृत जानकारी लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। कलेक्टर वसंत ने जिले में वेक्टर जनित रोगों के प्रभाव की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि लोगों को जागरूक करें, वेक्टर जनित बीमारियों के लक्षण एवं बचाव के तरीके भी बताए जाएं। मलेरिया, डेंगू, डायरिया जैसे वेक्टर जनित रोगों के नियंत्रण के लिए नियमित रूप से सर्विलेंस करें, साथ ही जांच के बाद पाए गए पॉजिटिव मरीजों का पूर्ण रूप से इलाज सुनिश्चित करें। उन्होंने जिले के पहुंचविहीन क्षेत्रों, पीवीटीजी बसाहटों की लगातार मॉनिटरिंग करने कहा। स्वास्थ्य विभाग किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहे,मौसमी बीमारियों पर समय पर नियंत्रण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि एंटी वेनम सभी स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध रहे।
Tags:    

Similar News