हमाली ने की पत्नी की हत्या, साक्ष्य छुपाने के लिए दफनाया शव

छग

Update: 2022-03-20 16:05 GMT

अंबिकापुर। दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम रकेली में आरोपित पति जंगल साय ने पत्नी बिंदु साय की हत्या कर साक्ष्य छिपाने शव को दफनाने का प्रयास किया। इसके लिए उसने गढ्ढा खोदना शुरू किया था लेकिन बेटे की नींद खुल जाने के कारण वह सफल नहीं हो सका।

घटना के बाद से वह फरार है। पुलिस के मुताबिक जंगल साय अंबिकापुर में हमाली का काम करता है। शनिवार को वह अंबिकापुर जाने के नाम पर घर से निकला था। घर में पत्नी बिंदु साय तथा 18 वर्षीय पुत्र और 16 वर्षीय पुत्री थे। शनिवार को गांव में होली खेली जा रही थी।

दोनों भाई- बहन भी घर से होली खेलने निकल गए थे। रात लगभग नौ बजे बेटी घर लौटी और आवाज लगाई। घर का दरवाजा नहीं खुलने के कारण वह पड़ोस में रहने वाली बुआ के यहां सोने चली गई थी। रात लगभग दस बजे बेटे के घर लौटने पर भी जब घर का दरवाजा नहीं खुला तो घर के बगल में उन्हीं लोगों के निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास में सोने चला गया।
मध्यरात्रि के बाद घर के नजदीक खोदने की आवाज आई। जब बेटा उठा तो देखा कि उसके पिता जंगल साय जमीन खोद रहे है। बेटे द्वारा पूछे जाने पर आरोपित पिता ने कहा कि तेरी मां को मार दिया हूं। यहीं पर उसे दफनाउंगा, यदि तुमने हल्ला किया तो अभी मार कर खत्म कर दूंगा।
बेटे को मारने के लिए उसने दौड़ाया भी लेकिन वह किसी तरह जान बचाकर भाग निकला। पास-पड़ोस में रहने वाले लोगों को रात में ही सूचना दी गई इधर आरोपित पकड़े जाने के भय से फरार हो गया था। सुबह दरिमा पुलिस भी मौके पर पहुंची। मृतका का शव घर के भीतर कमरे में पड़ा हुआ था। फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमों को लगाया गया हैं। उसके छिपने के संभावित ठिकानों पर भी दबिश दी जा रही है।

Similar News

-->