हाईवे निर्माण में बाधा बने सामान होंगे जब्त, विवाद करने वालों पर होगी FIR
छग
Sarangarh-Bilaigarh. सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्य को सुचारू रूप से पूर्ण करने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के निर्देश पर एनएच टीम जिले के विभिन्न मार्गों पर तेजी से काम कर रही है। इसी क्रम में राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने स्पष्ट चेतावनी जारी की है कि हाईवे के दोनों ओर 40 फुट की सीमा के भीतर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा, निर्माण सामग्री या सामान रखे पाए जाने पर उसे तुरंत हटाया जाएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यपालन अभियंता आर.के. कामरा ने सार्वजनिक नोटिस जारी करते हुए बताया कि जिले के सभी प्रमुख मार्ग-
सराईपाली–सारंगढ़ मार्ग
रायपुर–सारंगढ़ मार्ग (बलोदाबाजार होकर)
सारंगढ़–दानसरा–हरदी बायपास मार्ग
पर एनएच निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर लोग सड़क किनारे 40 फीट की सीमा में ईंट, पत्थर, रेत, गिट्टी, लकड़ी, लोहे के पाइप, मिट्टी और अन्य सामान रख देते हैं, जो निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न करते हैं। यह न केवल सड़क निर्माण को धीमा करता है बल्कि दुर्घटनाओं का जोखिम भी बढ़ाता है।
हर तरह का अवैध कब्जा हटेगा, कोई भी राहत नहीं
नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि एनएच की अधिसूचित सीमा में आने वाले अवैध निर्माण, दुकानों का अतिक्रमण, सामग्री का ढेर या किसी भी प्रकार की बाधा को बिना किसी पूर्व सूचना के हटाया जाएगा। विभाग ने साफ कहा है कि 40 फुट के दायरे में रखा कोई भी सामान हटाने की जिम्मेदारी स्वयं सम्बंधित व्यक्ति की होगी। यदि वे ऐसा नहीं करते हैं तो विभाग मशीनरी लगाकर अतिक्रमण हटाएगा, जिसका खर्च भी संबंधित व्यक्ति से वसूल किया जा सकता है।
विरोध या झगड़ा किया तो होगी FIR
राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने यह भी स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि हटाने की कार्रवाई के दौरान कोई व्यक्ति विवाद करता है, झगड़ा करता है या शासकीय कार्य में बाधा डालता है, तो उसके खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, अवैध कब्जा, और संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की जाएगी। यह भी कहा गया है कि किसी प्रकार की रुकावट या स्थानीय दबाव स्वीकार नहीं किया जाएगा। सड़क निर्माण में बाधा डालना कानूनन अपराध है और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति पर पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी।
एनएच निर्माण प्रशासन की प्राथमिकता
कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने पहले ही निर्देश जारी किए थे कि एनएच निर्माण को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। इसी के तहत सड़क किनारे मौजूद सभी अवैध अतिक्रमण, ठेले, सामग्री के ढेर और खतरनाक अवरोधों को हटाने अभियान जारी है। जिला प्रशासन का कहना है कि नए राष्ट्रीय राजमार्ग तैयार होने से यातायात की स्थिति सुधरेगी, दुर्घटनाएं कम होंगी और क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। इसलिए निर्माण में किसी भी प्रकार की बाधा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।