Mahasamund. महासमुंद। जिले के कोमाखान थाना पुलिस ने अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जुआ फड़ पर दबिश दी है। पुलिस ने मौके से 7 जुआरियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 2 आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 52 पत्ती ताश, 6 हजार 140 रुपये नकद, 4 मोबाइल फोन और 3 मोटरसाइकिल जब्त की हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 91 हजार 140 रुपये बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम नवाडीह कसेकेरा स्थित पानी टंकी के नीचे कुछ लोग ताश पत्ती से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद थाना कोमाखान पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई की। पुलिस को देखकर कुछ लोगों ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने 7 आरोपियों को मौके पर पकड़ लिया। वहीं, 2 आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
मौके से मिली जुआ सामग्री
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के संयुक्त कब्जे से 52 पत्ती ताश, 6140 रुपये नकद, 4 मोबाइल फोन और 3 मोटरसाइकिल बरामद की गईं। जप्त मोबाइल फोन की कीमत करीब 25 हजार रुपये और मोटरसाइकिलों की कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है।
इन आरोपियों पर हुई कार्रवाई
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना कोमाखान में अपराध क्रमांक 153/2026 दर्ज किया है। आरोपियों पर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) और 112 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में तुलाराम साहू (45 वर्ष), ढालेन्द्र कुमार साहू (31 वर्ष), कुंजराम साहू (42 वर्ष), देवकुमार साहू (34 वर्ष), हेमंत कुमार सिन्हा (28 वर्ष), पवन सिंह ठाकुर (35 वर्ष) और खेलावन सिंह ध्रुव (48 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी महासमुंद जिले के कोमाखान थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के निवासी बताए गए हैं।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
पुलिस ने कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, फरार हुए दो आरोपियों की तलाश जारी है। कोमाखान पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।