सड़क सुरक्षा माह-2026 के तहत निःशुल्क स्वास्थ्य व नेत्र परीक्षण शिविर

छग

Update: 2026-01-11 13:40 GMT
Raipur. रायपुर। रायपुर में सड़क सुरक्षा माह-2026 के अंतर्गत यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशानुसार 11 जनवरी 2026 को यातायात पुलिस द्वारा बस स्टैण्ड भाठागांव में निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण जांच शिविर का आयोजन किया गया। इसके साथ ही शहर के शैक्षणिक संस्थानों में संचालित स्कूल बस चालक-परिचालकों के लिए यातायात प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

बस स्टैण्ड भाठागांव में निःशुल्क स्वास्थ्य व नेत्र परीक्षण शिविर
सड़क सुरक्षा माह के ग्यारहवें दिन आयोजित इस शिविर में बस स्टैण्ड भाठागांव से संचालित होने वाली यात्री बसों के लगभग 200 से अधिक चालक एवं परिचालकों का निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण किया गया। इस शिविर में जिला चिकित्सालय रायपुर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रायपुर, रूप जीवन हॉस्पिटल देवेन्द्र नगर, ए.एस.जी. नेत्र चिकित्सालय शंकर नगर रायपुर के अनुभवी चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। चिकित्सकों द्वारा बस चालकों की आंखों की रोशनी, रक्तचाप, शुगर सहित सामान्य स्वास्थ्य की जांच की गई और आवश्यक परामर्श भी दिया गया। यातायात पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चालक का स्वास्थ्य ठीक रहना सड़क सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि अस्वस्थ चालक दुर्घटना का कारण बन सकते हैं।

स्कूल बस चालक-परिचालकों के लिए यातायात प्रशिक्षण कार्यक्रम
सड़क सुरक्षा माह-2026 के तहत शहर के स्कूलों में संचालित स्कूल बसों के चालक और परिचालकों के लिए विशेष यातायात प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रायपुर के सभागार में किया गया। इस कार्यक्रम में ज्ञान गंगा स्कूल एवं जैन पब्लिक स्कूल के लगभग 80 स्कूल बस चालक-परिचालक शामिल हुए। यातायात प्रशिक्षक टी.के. भोई एवं सहायक प्रशिक्षक सहदेव वर्मा द्वारा पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन और सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित वीडियो फुटेज के माध्यम से नियमों का पालन न करने से होने वाली जान-माल की हानि और नियमों का पालन करने से होने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसी क्रम में थाना प्रभारी यातायात पचपेड़ीनाका निरीक्षक नवल किशोर कश्यप द्वारा कृष्णा पब्लिक स्कूल डुंडा रायपुर में भी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर लगभग 60 स्कूल बस चालक-परिचालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई।

चौक-चौराहों पर जागरूकता अभियान
यातायात जनजागरूकता अभियान के तहत रायपुर पुलिस द्वारा लगातार छठवें दिन भी शहर के प्रमुख मार्गों एवं चौक-चौराहों पर यातायात नियमों से संबंधित बैनर, पोस्टर और पंपलेट का वितरण किया गया। इसके साथ ही मोर पिरोहित लोक कला मंच के कलाकारों द्वारा पी.के. फिल्म के किरदार की वेशभूषा में अभिनय कर दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने के लिए प्रेरित किया गया। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। नाबालिगों को वाहन न चलाने दें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करें। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, नशे की हालत में और तेज रफ्तार से वाहन न चलाएं। स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
Tags:    

Similar News