रतनपुर-कोटा मार्ग पर लूट करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-07-15 14:51 GMT
बिलासपुर। बिलासपुर जिले के रतनपुर-कोटा मार्ग पर राहगीरों को रोककर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 6300 रुपये नगद और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आदतन बदमाश प्रवृत्ति के हैं और पहले भी लूट की घटनाओं में शामिल रह चुके हैं। मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक 14 जुलाई 2026 को भेड़ीमुड़ा रतनपुर निवासी भारत कुमार सूर्यवंशी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह अपने मामा गांव नेवरा, कोटा से रात करीब 1:30 बजे वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रतनपुर-कोटा मार्ग पर भैंसाझार मोड़ के पास दो मोटरसाइकिल सवार युवकों ने उसकी बाइक को लात मारकर गिरा दिया।
आरोपियों ने उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज करते हुए जेब में रखे 5000 रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए। इसी दौरान ग्राम खैरा निवासी अरुण कुमार राज भी अपनी मोटरसाइकिल से कोटा की ओर से रतनपुर आ रहा था। आरोपियों ने उसे भी रास्ते में रोक लिया और डराकर उसके पास रखे 15 हजार रुपये नगद और मोबाइल फोन लूटकर भाग निकले। घटना की सूचना मिलने के बाद रतनपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध दर्ज किया। थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय ने घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। अधिकारियों के निर्देश पर आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई और रात में ही संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई।
पुलिस ने पीड़ितों द्वारा बताए गए आरोपियों के हुलिए और घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इस दौरान पुलिस को पूर्व में लूट के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी गुलाब नरेश उर्फ राजा सारथी पर संदेह हुआ। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा और पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी राजा सारथी ने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसने बताया कि ग्राम कलमीटार निवासी शिवप्रसाद यादव, अनवर खान और ओमप्रकाश पोर्ते के साथ मिलकर उसने करीब 20 हजार रुपये नगद और मोबाइल फोन लूटे थे। आरोपियों ने लूट की रकम आपस में बांट ली थी और उसमें से कुछ पैसे खर्च करना भी स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर अन्य तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई यामाहा R15 और बजाज पल्सर NS मोटरसाइकिल जब्त की गई है। इसके अलावा लूट की रकम में से 6300 रुपये नगद भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे इससे पहले किन-किन वारदातों में शामिल रहे हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में गुलाब नरेश उर्फ राजा सारथी (21 वर्ष), निवासी भैरव बाबा मंदिर के पास रतनपुर, शिवप्रसाद यादव (27 वर्ष), निवासी कलमीटार, अनवर खान (18 वर्ष), निवासी कलमीटार और ओमप्रकाश पोर्ते (20 वर्ष), निवासी कलमीटार थाना रतनपुर शामिल हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, उप निरीक्षक विष्णु यादव, सहायक उप निरीक्षक पवन सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक अनिल सिंह, आरक्षक आकाश डोंगरे, धीरज कश्यप और कीर्ति पैकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Tags:    

Similar News