Dantewada. दंतेवाड़ा। वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने शनिवार को दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा के नगर पंचायत गीदम में आयोजित "तिरंगा यात्रा" में शामिल होकर ऑपरेशन सिंदूर की ऐतिहासिक सफलता पर भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम को नमन किया। देशभक्ति से ओतप्रोत इस आयोजन में बड़ी संख्या में आमजन और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। तिरंगा यात्रा के दौरान वित्तमंत्री चौधरी ने कहा कि यह यात्रा भारतीय सेना की अदम्य वीरता, साहस और समर्पण को सलाम करने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने ऐसा पराक्रम दिखाया, जिससे दुश्मनों के सभी मंसूबे नाकाम हो गए।


उन्होंने यह भी कहा कि हम सभी नागरिकों का यह कर्तव्य है कि हम देश के प्रति अपने उत्तरदायित्वों का पूरी निष्ठा और
समर्पण
से निर्वहन करें। तिरंगे की छांव में निकाली गई इस यात्रा में लोगों के चेहरों पर दिख रही विजय की चमक इस बात का प्रतीक है कि भारत माता के सम्मान और स्वाभिमान के लिए हम सदैव समर्पित हैं। इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, युवाओं और स्कूली बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और 'जय हिंद' के नारों से गीदम की फिजा को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
Tags: