Janjgir-Champa. जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी का निमंत्रण कार्ड बताकर WhatsApp पर भेजी गई APK फाइल डाउनलोड करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। फाइल डाउनलोड करते ही उसका मोबाइल हैक हो गया और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के खाते से 98 हजार रुपये पार हो गए। मामले की जांच करते हुए जांजगीर साइबर पुलिस ने केरल तक पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान अब्दुल अजीज (29) निवासी केरल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर बैंक खाते को भी सीज करा दिया है।

WhatsApp पर शादी का कार्ड बताकर भेजी थी फाइल
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नैला स्टेशन रोड निवासी राजेश कुमार थवाईत को 6 जून 2026 को WhatsApp पर एक शादी के निमंत्रण कार्ड के नाम से APK फाइल भेजी गई थी। शादी का कार्ड समझकर उन्होंने उस फाइल को अपने मोबाइल में डाउनलोड कर लिया। इसके बाद उनका मोबाइल फोन हैक हो गया। मोबाइल का नियंत्रण साइबर ठगों के हाथ में पहुंचने के बाद उनके SBI बैंक खाते से 98 हजार रुपये निकाल लिए गए। खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत की। इसके बाद साइबर पुलिस ने जांच शुरू की।

NCRP पोर्टल से मिला केरल का सुराग
साइबर ठगी की जांच के दौरान पुलिस ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) की मदद से लेनदेन की जानकारी खंगाली। जांच में उस बैंक खाते का पता चला, जिसमें ठगी की रकम ट्रांसफर की गई थी। बैंक खाते से जुड़े विवरण के आधार पर पुलिस को केरल के मल्लपुरम जिले के कोण्डोट्टी का सुराग मिला। इसके बाद जांजगीर साइबर पुलिस की टीम केरल पहुंची और स्थानीय स्तर पर जांच करते हुए अब्दुल अजीज को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में खाते में रकम मिलने की बात स्वीकारी
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी अब्दुल अजीज ने अपने बैंक खाते में 98 हजार रुपये की रकम आने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि खाते में पहुंची रकम निकालकर घरेलू खर्च में इस्तेमाल कर ली थी। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के बैंक खाते में 21 हजार रुपये की एक अन्य संदिग्ध रकम भी मिली। जब इस रकम की जानकारी NCRP पोर्टल पर जांची गई तो पता चला कि इस संबंध में गुजरात से भी साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई गई है। इस जानकारी के बाद पुलिस को आरोपी के बैंक खाते से जुड़े अन्य संदिग्ध लेनदेन की भी जानकारी मिली। पुलिस ने मामले में आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया और संबंधित बैंक खाते को सीज कराने की कार्रवाई की।

ट्रांजिट रिमांड पर जांजगीर लाया गया आरोपी
केरल से गिरफ्तार किए गए अब्दुल अजीज को पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड पर जांजगीर लाया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और बैंक खातों में हुए अन्य संदिग्ध लेनदेन की जानकारी जुटाई जा रही है।

अनजान APK फाइल डाउनलोड करने से बचें
इस घटना के बाद जांजगीर पुलिस ने आम नागरिकों को साइबर ठगी से सावधान रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि WhatsApp पर आने वाली अनजान लिंक, शादी के कार्ड या अन्य दस्तावेज के नाम पर भेजी गई APK फाइल को बिना जांचे डाउनलोड न करें। APK फाइल के जरिए मोबाइल में
संदिग्ध एप्लिकेशन
इंस्टॉल हो सकता है, जिससे निजी जानकारी और बैंकिंग संबंधी विवरण खतरे में पड़ सकते हैं। लोगों को किसी भी अनजान फाइल को डाउनलोड करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करनी चाहिए। पुलिस ने यह भी अपील की है कि ऑनलाइन वित्तीय ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें और साइबर अपराध की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने या वापस पाने की संभावना बढ़ सकती है।
Tags: