Raipur. रायपुर। जिले में अवैध मदिरा के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में आबकारी विभाग ने तिल्दा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेवरा इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से कुल 8.10 बल्क लीटर देशी और विदेशी मदिरा जब्त की गई है। यह कार्रवाई सचिव सह आबकारी आयुक्त आर. शंगीता के मार्गदर्शन एवं कलेक्टर रायपुर डॉ. गौरव सिंह के निर्देशानुसार की गई। प्रभारी उपायुक्त आबकारी रायपुर राजेश शर्मा के नेतृत्व में गठित आबकारी टीम ने प्राप्त सूचना के आधार पर यह दबिश दी। विभाग को सूचना मिली थी कि वार्ड क्रमांक 15, सुभाष वार्ड नेवरा में एक व्यक्ति अपने घर में अवैध रूप से शराब का भंडारण कर बिक्री कर रहा है।
सूचना की पुष्टि के बाद आबकारी विभाग की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से आरोपी के रिहायशी मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान टीम को आरोपी सूरज कुमार चौहान, पिता तिलकराम चौहान, निवासी सुभाष वार्ड नेवरा, थाना तिल्दा के कब्जे से अवैध मदिरा बरामद हुई। जब्त शराब में 35 पाव देशी मदिरा मसाला ‘शोले’ तथा 10 पाव विदेशी मदिरा ‘जम्मू स्पेशल व्हिस्की’ शामिल है, जिसकी कुल मात्रा 8.10 बल्क लीटर आंकी गई है। आबकारी अधिकारियों के अनुसार आरोपी बिना किसी वैध लाइसेंस या अनुमति के अपने घर में शराब रखकर अवैध रूप से बेचने की फिराक में था। आरोपी के इस कृत्य को छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध मानते हुए उसके खिलाफ धारा 34(2) एवं 59(क) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब न केवल राजस्व को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि समाज और युवाओं पर भी नकारात्मक प्रभाव डालती है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिले में लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है और सूचना तंत्र को मजबूत किया गया है। आबकारी विभाग द्वारा ऐसे स्थानों की पहचान की जा रही है, जहां अवैध रूप से शराब का संग्रहण या बिक्री की जा रही है। आबकारी विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध मदिरा का निर्माण, भंडारण या बिक्री हो रही हो, तो उसकी सूचना तत्काल विभाग या पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा के खिलाफ आगे भी इसी तरह सघन अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाती रहेगी। इस कार्रवाई से नेवरा और आसपास के क्षेत्रों में अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। आबकारी विभाग की इस सख्ती को कानून-व्यवस्था बनाए रखने और समाज को नशे की गिरफ्त से बचाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।