Bhilai. भिलाई। दुर्ग जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां ड्रग पेडलर ने पुलिस से बचने के प्रयास में स्वीफ्ट कार से ट्रैफिक आरक्षक को कुचलने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की सतर्कता और नाकेबंदी के कारण दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। उनके पास से प्रतिबंधित नशीला सिरप Glankof-T बरामद किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजा गया है।
दुर्ग पुलिस प्रवक्ता श्रीमती पद्मश्री तंवर ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान और त्यौहारों को देखते हुए पुलिस यातायात व्यवस्था को लेकर सतर्क थी। इसी बीच 15 अक्टूबर को सिरसा गेट के पास तैनात ट्रैफिक आरक्षक ने तेज और लापरवाही से आ रही एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार (क्रमांक CG 04 Q 5678) को रुकवाने का प्रयास किया।
कार चालक ने ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करते हुए गाड़ी की रफ्तार और बढ़ा दी तथा आरक्षक को कुचलने की नीयत से वाहन चढ़ाने की कोशिश की। आरक्षक ने किसी तरह खुद को बचाया, जिसके बाद पुलिस ने पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी। कुछ ही देर में पुलिस ने संदिग्ध कार को पकड़ लिया।
कार चालक की पहचान नीरज वर्मा (27 वर्ष) निवासी रायपुरा, जिला रायपुर के रूप में हुई। उसके साथ उसका चचेरा भाई ऋषभ वर्मा भी मौजूद था। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे नशीली दवाओं का अवैध परिवहन कर रहे थे और इसी कारण पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की। पुलिस ने वाहन की तलाशी के दौरान 25 नग प्रतिबंधित Glankof-T Codeine Phosphate & Triprolidine Hydrochloride Syrup बरामद किया। साथ ही, आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने यह नशीली दवाई “बाबा” नामक व्यक्ति से चरोदा रेल विहार क्षेत्र में खरीदी थी।
थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 392/25 धारा 109(1), 132, 221 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। इसके अतिरिक्त, एनडीपीएस एक्ट की धारा 67 के तहत कानूनी कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर चल रहे नशा उन्मूलन अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत यह एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है। पुलिस लगातार नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त तत्वों पर निगरानी रख रही है। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें कहीं नशीले पदार्थों की बिक्री या परिवहन की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने यह भी कहा कि नशा तस्करी में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
गिरफ्तार आरोपी:
नीरज वर्मा, उम्र 27 वर्ष, निवासी रायपुरा, जिला रायपुर
ऋषभ वर्मा, चचेरा भाई, निवासी रायपुरा, जिला रायपुर
यह घटना पुलिस की मुस्तैदी और नशे के खिलाफ चल रही कार्यवाही का प्रमाण है। समय रहते कार्रवाई न होने पर यह घटना एक बड़ी सड़क दुर्घटना या पुलिसकर्मी की जान जाने जैसी गंभीर स्थिति में बदल सकती थी। दुर्ग पुलिस की त्वरित नाकेबंदी और तत्पर कार्रवाई ने न केवल आरोपियों को गिरफ्तार किया, बल्कि नशे के अवैध परिवहन के एक और चैनल को तोड़ने में सफलता हासिल की है।