Raipur Breaking: नशीली टेबलेट बेचने वाला नशा तस्कर गिरफ्तार

छग

Update: 2025-11-09 13:45 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर की खम्हारडीह थाना पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर एक और बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को पुलिस ने चंडी नगर रोड स्थित सेंट जेवियर स्कूल के पास खाली प्लॉट में दबिश देकर 19 वर्षीय युवक भूषण साहू को नशीली टेबलेट की बिक्री करते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से पुलिस ने 280 नग निट्राजेपम टेबलेट (नाइट्रोसन R-10) बरामद की है। यह कार्रवाई उप निरीक्षक हेमराज पटेल के नेतृत्व में की गई। मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 08 नवंबर 2025 को थाना
खम्हारडीह
को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक युवक चंडी नगर रोड पर खाली प्लॉट में बैठकर नशीली टेबलेट बेच रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। उप निरीक्षक हेमराज पटेल ने गवाह दीपक कांडे और राहुल कुमार को तलब कर कार्यवाही शुरू की। एनडीपीएस एक्ट की धारा 42(2) के तहत आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए पुलिस टीम मौके पर रवाना हुई।
मौके पर पहुंचकर पुलिस ने घेराबंदी की और एक युवक को नीले टी-शर्ट में बैठा पाया। युवक के पास एक पीला थैला था, जिसमें संदिग्ध वस्तुएं रखी हुई थीं। तलाशी लेने पर 28 पत्तों में भरी 280 निट्राजेपम टेबलेट मिली। प्रत्येक पत्ते में 10-10 टैबलेट थीं। इन टेबलेट्स का बेच नंबर DF40698A है। आरोपी से जब वैध कागजात प्रस्तुत करने को कहा गया तो उसने कोई दस्तावेज नहीं दिखाया। इसके बाद पुलिस ने मौके पर मौजूद गवाहों की उपस्थिति में जप्ती कार्यवाही की। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन कराने पर सभी टैबलेट्स का कुल वजन 140 ग्राम पाया गया। साथ ही आरोपी के पास से 200 रुपये की बिक्री रकम भी बरामद हुई। बरामद नशीली टैबलेट्स और नगद रकम की कुल कीमत लगभग 2,384 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी भूषण साहू पिता लक्ष्मीकांत साहू (उम्र 19 वर्ष, निवासी गदयाही मंदिर के पास, चंडी नगर, थाना खम्हारडीह) के खिलाफ धारा 21(ख), 22 NDPS ACT के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर उसके परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना दी गई। उसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक हेमराज पटेल के साथ प्रआर 353, आर 313, आर 2328, आर 932 सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने समय पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को फरार होने से पहले ही दबोच लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से इलाके में नशीली दवाओं की बिक्री कर युवाओं को लत लगाने का काम कर रहा था। पुलिस को उसके अन्य नेटवर्क की भी जानकारी मिली है और अब उसके संपर्कों की जांच की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह टेबलेट आमतौर पर नींद और नशे के लिए उपयोग की जाती है और इसका दुरुपयोग बड़े पैमाने पर हो रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देश पर रायपुर पुलिस इन दिनों नशे के खिलाफ विशेष अभियान चला रही है। इसी क्रम में यह कार्रवाई नशे के कारोबार पर लगाम लगाने की दिशा में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर के युवाओं को नशे की दलदल से बचाने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। ऐसे अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
Tags:    

Similar News