Surajpur. सूरजपुर। सूरजपुर ज़िले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र में कुछ दिनों पूर्व मासूम बच्ची की हत्या की दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। इस अमानवीय कृत्य से जनमानस आक्रोशित है और पीड़ित परिवार गहरे शोक में डूबा हुआ है। इस दुखद घटना के परिप्रेक्ष्य में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े शनिवार को पीड़ित परिवार के निवास पर पहुंचीं और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी भी उपस्थित रहे।


मंत्री रजवाड़े ने कहा, "इस दर्द को शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। यह एक अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और
अमानवीय
घटना है। हम पीड़ित परिवार के साथ हैं और न्याय दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।" उन्होंने जानकारी दी कि उन्होंने इस मामले को लेकर प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा से चर्चा की है तथा पुलिस अधीक्षक को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कठोरतम सजा दिलाई जाए। मंत्री रजवाड़े ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वह शोकाकुल परिवार को इस असीम पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करें और भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।
Tags: